Tuesday, February 05, 2013

बोंसाई


दमनकारी चक्र के तहत
जड़ो एवं तनों-पत्तियों को काट-छांट कर
बहाकर उन मासूम पौधों का खून
तमाशा देखते लोग
हर पौधे पे वाह-वाह का शोर

दमनकारी चक्र के तहत
हमारी जड़ों एवं प्रतिभाओं को काट-छांट कर
बहाकर प्रतिभाओं का खून
तमाशा देखते लोग
हर व्यक्ति पे वाह-वाह का शोर!!!

Wednesday, November 07, 2012

श्रेणियां

सिगरेट
शराब
भाँग
अफीम
गांजा
अन्य कोई भी ड्रग
...
...
प्यार फिर
जिंदगी.
-- नशे को श्रेणीबद्ध करने पर निकला परिणाम

कुछ दिन पहले ऐसे ही आये ख्याल

Friday, October 05, 2012

प्रतीक्षानुभूति

वे दोनों मिले, एक फीके मुस्कान के साथ. फीकापन क्या होता है वह उस समय उसे देखते हुए समझने की कोशिश कर रहा था, ना समझ पाने कि झुंझलाहट भी उसके चेहरे पर थी. वह सोच रहा था वो क्या सोच रही होगी अभी?
"पास में ही एक कैंटीन है, चलो उधर ही चल कर बैठते हैं." जाने किन ख्यालों में गुम थी वो.
"चलो"
कॉफी पीते हुए वह बरबस ही पूछ बैठी, "इतने दिनों बाद आये हो, कैसा लग रहा है यहाँ?" और बेहद लापरवाही के साथ वह बोल गया "तुम्हारे पास होने से यह शहर भी हसीन लगने लगा है" बोल चुकने के बाद वह सोचने लगा "शहर तो सारे एक से ही होते हैं, बेतरतीब से. यह हसीन शहर कैसा होता होगा?" और खुद अपनी कही बातों पर भी एक फीकी मुस्कान दे बैठा.

वहाँ भीड़ बढती जा रही थी. उन्होंने वहाँ से उठना पसंद किया. बाहर निकल कर अब कहाँ जाया जाए? पास के एक चबूतरे पर बैठ गए, जहाँ लड़के को बैठने में कोई परेशानी नहीं थी वहीं लड़की नाक-भौं सिकोर रही थी.

"क्या समय हुआ है?" अब से पहले तक जो औपचारिकता और फीकापन दोनों के चेहरे पर था वह छंट चुका था. "मुझे साढ़े पांच बजे तक घर के लिए चले जाना होगा."
"दो बज कर पच्चीस मिनट" उसने कलाई घडी पर समय देखते हुए बताया.

"तुम अपनी झुल्फों को हमेशा को तो हमेशा अपनी तर्जनी में फंसा कर लपेटती रहती हो? मगर आज तो यह हवा में लहरा रहे हैं?"
ठिठक कर अपनी जुल्फों को तर्जनी से पकड़ कर इठलाती हुई अपने कानो में खोंसती हुई वह जैसे सफाई दे रही हो, अपने उस झूठ की जो उसने पिछले दफे कही थी, "जब बिना मांग के बाल संवारती हूँ तब बालों को अँगुलियों में लपेटती हूँ, वर्ना यूँ ही कानो में खोंस लेती हूँ."

"अच्छा अब समय क्या हुआ?" एक लम्बी खमोशी के बाद उसने पूछा.
"दो बज कर पैतीस मिनट"

वह उसकी तरफ देख रहा था, एकटक.. अचानक वह चीख उठी, उसके साथ वह भी चिहुंक उठा. "क्या हुआ?" लड़की ने सामने इशारा किया, एक गाय कहीं से घास चरते हुए उधर ही आ रही थी. वह हडबडा कर उठा, गाय को डरा कर भगाने की कोशिश किया. फिर वापस आकर बैठ गया. मन ही मन खुद पर हँसते हुए. वह गाय खुद ही जब तक चरते हुए वहां से नहीं चली गई तब तक लड़की उसके हाथों को पकड़ कर बैठी रही और वह उसके डरे हुए चेहरे को देख कर मुस्कुराता रहा..

अब कितने बजे? लड़का चिढ कर बोला, "जाने कि इतनी ही जल्दी है तो अभी चली जाओ."
"अरे, टाईम तो बताओ?"
"नहीं बताता! तुम जाओ. अभी." इतना सुनते उसने लड़के का हाथ पकड़ कर घड़ी में समय देख लिया.

लड़की ने एक कहानी को याद किया, जिसमें नायक-नायिका इसी प्रकार मिलते हैं. घंटो साथ बैठने के बाद भी एक-दूसरे से एक फीट की दूरी बनाए हुए थे. फिर उन दोनों ने उस कहानी को याद किया.
"क्या किसी दूसरे की कहानी को जीने के लिए हम अभिसप्त हैं?" कहकर वह मुस्कुराया और खिसक कर जरा पास बैठ गया और वह भी झिझक कर दूसरी दिशा में खिसक गई. यह देख वह वापस अपनी जगह पुनः आ बैठा. किसी अपराधबोध से वह मुस्कान अब तक विलुप्त हो चुकी थी. यह देख वो मुस्कुराई और उसके पास उसके बाहों को पकड़ कर बैठ गई और फिर शरारत से पूछ बैठी, "समय क्या हुआ"? इस दफ़े वह चिढा नहीं, उसके हाथ को इस तरह पकड़ कर बैठा रहा जैसे जिंदगी को मुट्ठी में बंद करना चाह रहा हो!

शाम ढलने को थी, दोनों थके हुए से कदमों से टेम्पो स्टैण्ड की ओर बढ़ रहे थे. भविष्य की कोई चिंता किये बिना.

मरा हुआ प्रेम अक्सर पेड़ पर बैठे प्रेत की तरह होता है, आप चाहे कितना भी दुनिया से कह लें की बात बीत चुकी है, अब आप याद नहीं करते उन बातों को, मगर आप अपनी अंतरात्मा के वेताल से वही शब्द नहीं कह पाते हैं, अगर कहेंगे तो आपके सर के टुकड़े-टुकड़े हो जायेंगे, और यदि सच कहेंगे तो वह वेताल पुनः उसी पेड़ पर जा बैठेगा! - गीत चतुर्वेदी जी से उत्प्रेरित यह पंक्ति.

=============

हमारा प्यार बहुत-कुछ हमारी ज़िन्दगी की तरह है. आदमी जानता है कि वह बुरी तरह ख़त्म होगी, काफी जल्दी ख़त्म होगी, वह हमेशा रह सकेगी, इसकी उसे रत्तीभर उम्मीद नहीं है, फिर भी, सब जानते हुए भी- वह जिये चला जाता है. प्यार भी वह इसी तरह करता है, इस आकांक्षा में कि वह स्थायी रहेगा, हालांकि उसके 'स्थायित्व' में उसे ज़रा भी विश्वास नहीं है. वह आँखें मूंदकर प्यार करता है...एक अनिश्चित आशंका को मन में दबाकर- ऐसी आशंका, जिसमें सुख धीरे-धीरे छनता रहता है और वह इसके बारे में सोचता भी नहीं.
- आखिरी पंक्ति "ईवान क्लिमा" की लिखी हुई


Wednesday, August 15, 2012

लोनलिनेस इज द बेस्ट फ्रेंड ऑफ़ ओनली ह्युमनस

हम हों चाहे किसी जलसे में
अकेलापन का साथी
कभी साथ नहीं छोड़ता हमारा

हम हों चाहे प्रेमिका के बाहों में
अकेलापन का साथी
कभी साथ नहीं छोड़ता हमारा

हम पा लिए हों चाहे मनुष्यता का शिरोबिंदु
अकेलापन का साथी
कभी साथ नहीं छोड़ता हमारा

हम बैठे हों किसी प्रयाग में
अकेलापन का साथी
कभी साथ नहीं छोड़ता हमारा

बुद्ध ने भी ज्ञान प्राप्त किया था
अकेलेपन में ही
हिटलर ने की थी आत्महत्या
अकेलेपन में ही
बड़ी वैज्ञानिक खोजे भी होती हैं
अकेलेपन में ही

जाने क्यों लेमिंग करता है
सामूहिक आत्महत्या?

मेरी समझ में तो
लोनलिनेस इज द बेस्ट फ्रेंड ऑफ़ ओनली ह्युमनस

Wednesday, August 01, 2012

अतीत का समय यात्री

हम मिले. पुराने दिनों को याद किया. मैंने उसके बेटे कि तस्वीरें देखी, उसने मेरे वर्तमान कि पूछ-ताछ की. सात-आठ मिनटों में हमने पिछले छः-सात सालों को समेटने की नाकाम कोशिश की.

- तुम मोटी हो गई हो!
- मम्मी जैसी हो गई हूँ ना? मम्मी बन भी तो गई हूँ.
और एक बेतक्कलुफ़ सी हंसी...

- तुम शादी कब कर रहे हो? बूढ़े हो जाओगे तब कोई शादी भी नहीं करेगी तुमसे..
मैं बस मुस्कुरा भर दिया... चार साल पहले कि हमारी बात याद आ गई, जब उसने यही सवाल पूछा था और मेरे यह कहने पर की "थोड़े पैसे तो जमा कर लूं" के जवाब में वह पलट कर बोली थी "बोल तो ऐसे रहे हो जैसे दुल्हन खरीदनी है तुम्हें"

हमें जनकपुरी मेट्रो स्टेशन में बैठने के लिए कोई जगह नहीं मिली थी, सो हम सीढियों पर ही बैठ गए थे...और वहाँ से गुजरने वाले मुसाफिरों की आँखों में चुभ भी रहे थे. कुछ हमारे बगल से बुदबुदाते हुए भी, हमें कोसते हुए, वहाँ से गुजरे....और हम बेपरवाह अपनी ही बातों में मगन.

- कैसा मेट्रो बनाई हो तुमलोग? देखो सीढी हिल रहा है!
लोगों के वहाँ से गुजरने से सीढियों में होने वाले कंपन को महसूस करते हुए मैंने उसे उलाहना दिया, सनद रहे की मेरी मित्र दिल्ली मेट्रो में ही उच्च पद पर आसीन है.
- अब क्या करें, ऐसा ही है..
आँखें नचाते हुए उसने ऐसे जवाब दिया कि मैं हंसने लगा..

- समय कैसे गुजर जाता है, लगता है कल की ही बात है और हम सीतामढ़ी में अपनी कॉलोनी में हंगामा मचाते फिरते थे..
- हाँ, और मैं तुमको एक रूपया दिया था...चुकिया वाली गुल्लक लाने के लिए.. जो तुम्हारे स्कूल वाले रास्ते में बिकता था.
- और मैं ले ली थी?
विस्मयकारी भाव चेहरे पर लाते हुए उसने पूछा
- हाँ...
- मैं भी ना..पता नहीं कैसे ले ली थी?
- लेकिन अगले दिन वापस कर दी थी..शायद आंटी डांटी होगी..
इस दफे दोनों ही साथ-साथ हँसे...

- पता है? मैं भी कार चलाना सीख ली..लेकिन अभी स्टेशन से घर तक पहुँचते-पहुँचते मैं पसीने से भींग जाती हूँ..
- कार में एसी नहीं है क्या?
- है ना...लेकिन सीसा चढा रहेगा तो हाथ निकाल कर "हटो-हटो" कैसे चिल्लायेंगे?
"हटो-हटो" कहते समय उसका हाथ भी ऐसे ही हिल रहा था जैसे सामने वाले कार को हटने के लिए बोल रही हो...
- साफ़-साफ़ बोल दो ना कि मेरे घर के आस-पास मत दिखना नहीं तो तुम्हारे एक्सीडेंट के जिम्मेदार हम नहीं होंगे.. इशारों में क्यों धमका रही हो?
फिर से एक हंसी..दोनों कि ही साथ-साथ..

फिर वो अपने घर के लिए निकल ली.. कुछ देर बार उसका एस.एम.एस. आया, "इतने दिनों बाद मिलकर लगा कि कुछ रिश्ते कभी नहीं बदलते. लगा कि तुम पूछोगे की इंस्टीट्यूट जाना है क्या? ऐसे ही रहना." मुझे सहसा याद हो आया, जब पटना में किन्हीं वजहों से लगभग सात-आठ महीने उसे रोजाना एल.एन.मिश्रा इंस्टीट्यूट उसे छोड़ने जाता था.. भले ही मुझे कितना भी जरूरी काम क्यों ना रहा हो, उसकी प्राथमिकता को बाद में रखकर.. मैंने जवाब में लिखा "कुछ चीजों को नहीं ही बदलना चाहिए"

कुछ लोगों से मिलते वक्त हम अपना चोंगा उतार कर मिलते हैं.. मगर ऐसे लोग जिंदगी में कम ही होते हैं... जिंदगी कि भी अपनी ही रफ़्तार होती है.. सामने देखो तो वक्त कटता नहीं रहता है, पीछे देखो तो वक्त मानो लाईट-स्पीड को भी मात देती दिखती है.. जनकपुरी पश्चिम मेट्रो स्टेशन से हम दोनों की ही मेट्रो अलग दिशाओं में भागती चली जा रही थी...
"27-July-2012"

Tuesday, July 03, 2012

यह तोता आज भी पिंजड़े में बंद छटपटा रहा है


बचपन में एक तोता हुआ करता था. यूँ तो कई तोते हमने एक-एक करके पाले, और एक-एक करके सभी भाग गए. वह तोता भी जिसके बारे में लिख रहा हूँ. मगर यह तोता हमारे यहाँ सबसे अधिक समय तक रहा, तक़रीबन 8-9 साल. पापा के कई मातहत और हम बच्चे भी उसे कुछ बोलना सिखा-सिखा कर थक गए, मगर उसे ना कुछ सीखना था, और ना ही सीखा! 

शुरुवाती दिनों में वह पिंजड़ा तोड़ने का अथक प्रयास करता था. अपनी चोंच से जितनी कोशिश कर सकता था, वह करता था. लहुलुहान होने तक! खाने को छूता तक नहीं था. "कहीं भली है कटुक निबोरी कनक-कटोरी की मैदा से" वाली कविता शायद ऐसे ही दृश्य देख कर लिखी गई हो! फिर धीरे-धीरे उसने प्रयास करना छोड़ दिया.

शायद उसे समझ आ गया हो कि वह उसे तोड़ नहीं सकता है, मगर उससे अधिक संभव यह है की वह धीरे-धीरे उसे ही नियति समझ लिया हो! इतने विश्वास के साथ मैं इसलिए कह रहा हूँ क्योंकि बाद के दिनों में, तीन-चार साल बाद, जब कभी गलती से पिंजड़ा खुला भी रह जाता था तो वह बजाय दरवाजे से बाहर निकलने के बजाये डर कर और अंदर घुस जाता था. 

पहले भैया से, और बाद में मुझसे उसे बहुत लगाव हो गया था. चाहे कितने भी गुस्से में हो, मगर कभी हमें काटता नहीं था. हम ही उसे खाना देते थे, उसके लिए हम भले इंसान थे. बहुत नासमझ था वो बेचारा. इतनी समझने की शक्ति नहीं थी उसमें की हम उसका भला चाहने वाले होते तो यूँ कैद में नहीं रखते! हम तो उसके लिए ऐसे थे जैसे, कैद में रखो और खूब भला चाहो!

फिर एक दिन वह उड़ गया! तब तक हम दोनों ही रोजी की तलाश में घर छोड़ चुके थे... मगर, मैं अभी तक इस पिंजड़े में बंद छटपटा रहा हूँ....

Tuesday, June 26, 2012

होने अथवा ना होने के बीच का एक सिनेमा


कुछ चीजें अच्छी-बुरी, सच-झूठ के परे होती है. वे या तो होनी चाहिए होती हैं अथवा नहीं होनी चाहिए होती हैं. गैंग्स ऑफ वासेपुर भी इसी कैटेगरी में आता है.. हमारे उन भारतीय दर्शकों को, जो विदेशी सिनेमा देख कर आहें भरते हैं कि ऐसा कुछ यहाँ क्यों नहीं बनता, संतुष्टि जरूर मिलेगी इसे देखकर. और वे आगे उम्मीदें भी पाल सकते हैं की आगे भी ऐसे सिनेमा बनते रहेंगे..

कहानी तेजी से बढती है, ठिठककर रूकती है, फिर बढती है, फिर रूकती है..जैसे कि जिंदगी!! जिंदगी की ही तो महागाथा है यह. 

मैं कोई बहुत बड़ा सिनेमा का ज्ञानी नहीं हूँ, मगर फिर भी इतना समझ में तो जरूर आया कि सिनेमा के हर छात्र को यह जरूर देखना चाहिए. इसके अभिनेता-अभिनेत्रियों से अभिनय सिखने के लिए, कैमरामैन से कैमरे कि कला सिखने के लिए, निर्देशक से निर्देशन की बारीकियां सिखने के लिए..

हाथ के बुने हुए हाफ स्वेटर पहन कर पहलवान दोनों हाथो में मुर्गा टांग कर गली से जाते हुए दिखाना, या फिर मीट की नली वाली हड्डी सूंss कि आवाज के साथ चूसना, या फिर गोल गले के लोटे से स्नान करते हुए दिखाना, या फिर आइसक्रीम के लिए बच्चों कि शैतानी, या फिर सरदार खान का गिरिडीह के बदले गिरडी..गिरडी..गिरडी..गिरडी की आवाज लगा कर सवारी बटोरना. रात का खाना चीनी मिट्टी के प्लेट में परोसना क्योंकि मुसलमान घर आया है.. जाने कितनी ही हत्या सरदार खान कर चुका हो मगर जवान बेटे को लगी छर्रे से लगभग पागल सा हो उठना. फ्रिज के आने के बाद सब बच्चों का उचक-उचक कर उसे देखना और गृहणी का यह देखना की उसमें कोई खाली बर्तन तो नहीं रखा हुआ है! 

इसे देखने से पहले मैं कोई भी रिव्यू नहीं पढ़ रहा था. किसी तरह का पूर्वाग्रह लेकर नहीं देखना चाहता था. और मुझे सबसे अधिक अचंभित "जियs हे बिहार के लाला" गीत ने किया. जिस गीत को मैं फ़िल्म के शुरुवात में देखने कि उम्मीद कर रहा था उसे जिंदगी कि खुशी में नहीं, मृत्यु के जश्न के तौर पर लाया गया!

हो सकता है कि अनुराग जी ने कई लोगों को निराश किया होगा इस सिनेमा में गाली-गोली दिखा कर, मगर हर चीज को इतनी बारीकी से उन्होंने फिल्माया है जिसको कोई भी सिने छात्र देखना-सीखना चाहेगा. थैंक्स अनुराग जी को, हमें ऐसी सिनेमा देने के लिए!!

मैं अपनी पसंद के पिछले तीन देखे हुए सिनेमा कि बात करूँ तो मुझे वाकई आश्चर्य हो रहा है कि हम कैसे समाज में जी रहे हैं? मैं यह आकलन करने में विफल हो रहा हूँ की हमारा समाज बेशर्म है या असंवेदनशील? उन तीन सिनेमा का नाम है: १. पान सिंह तोमर, २. शंघाई एवं ३. गैंग्स ऑफ वासेपुर. मेरे मन में ऐसे प्रश्न इसलिए आये क्योंकि जिन चीजों पर खुद से घिन आनी चाहिए उन चीजों पर सिनेमा हाल में हंसी के फुहारें छूट रही थी!

अंत में अगर तिग्मांशु धुलिया की तारीफ़ नहीं करूँ तो ये नाइंसाफी होगी. जहाँ मनोज वाजपेयी अपने किरदार को मेहनत से निभाते दिखे हैं वहीं तिग्मांशु धुलिया बिना किसी एक्स्ट्रा एफर्ट के अपने किरदार को जिए चले गए हैं!!

चलते-चलते इस सिनेमा का एक डायलॉग पढते जाइए: 
पुलिस एक अपराधी के बच्चे से पूछती है, जो अपने बाप के लिए खाने का टिफिन लेकर आया है - डिब्बे में क्या है?
लड़का - अब डिब्बा खोल के औंगली से छौंका लगाईयेगा का?

नोट - यह संभव है कि बिहारी परिवेश को फिल्माने कि वजह से मुझे यह सिनेमा नॉस्टैल्जिक कर रही हो..

Wednesday, June 06, 2012

जन्म और मृत्यु

मेरे जन्म को लेकर 
अफवाहें अपनी चरम पर हैं
मगर मेरा जन्म 
ठीक उसी दिन हुआ था
जब मिला था 
तुमसे पहली दफे
अब मौत का दिन भी मुक़र्रर हुआ है
ये वही दिन होगा
जब यकीन होगा
अब ना होगी मुलाक़ात तुमसे
फिर कभी!!!

Thursday, May 31, 2012

लव यू मम्मी - दो बजिया वैराग्य

जब छोटा था तब...कहीं भी जाऊं, मम्मी का आँचल पकड़ के चलता था.. गाँव हो या कोई और जगह, अधिकतर गाँव ही हुआ करती थी, भैया-दीदी पूरा गाँव नापते रहते थे, मगर मैं, मम्मी कहीं भी जाए, उनकी साडी का एक छोड़ पकड़ कर चुपचाप खड़ा रहता था.. मम्मी कितना भी डांटे, या मना करे, मगर चाहे कुछ भी हो, मैं अपना कर्म नहीं भूलता था.. उनकी साडी पकडे खड़ा रहता या रोता रहता था.. अगर उनके साथ नहीं हूँ तो पापा की धोती, जिसे वह आराम के क्षणों में लुंगी की तरह पहनते थे, उसे पकड़ कर उनके साथ रहता.. पापा यदि बैठे हुए हों तो उनकी गोद में मैं भी बैठा रहता था..

मम्मी हमेशा पापा को कहती थी कि अगर ये बिगड गया तो सारा कसूर आपका ही होगा, और पापा उसी समय पलट कर कहते थे, और अगर सुधरा तो सारा श्री भी मेरा ही होगा.. मम्मी कभी इस बात का विरोध नहीं करती थी, बस इतना ही बोलती थी, अगर सुधरा तो ना?

बचपन में मम्मी अगर मारती भी थी(मुझे याद नहीं की मम्मी कभी मारी हो मुझे, मगर ऐसा ही सुना है), या डांटती भी थी तो भी बचाने के लिए मम्मी को ही पुकारता था.."मम्मीsssss"!!!! पापा हमेशा मेरे साथ खड़े रहे हैं कदम-कदम पर.. मगर कभी बचाने के लिए उनका नाम नहीं पुकारा हूँ...

उनसे दूर होने के बाद जब कभी किसी बड़े कष्ट में रहा हूँ, जैसे की वायरल बुखार, जैसे की पैर का टूटना, तो भी कराहते हुए "मम्मी" ही पुकारता रहा हूँ.. ये जानते हुए भी की बचपन से ही पापा की "जान" रहा हूँ मैं.. पन्द्रह-सोलह साल तक की उम्र तक उनकी गोद में बैठ कर खेला हूँ, जो कई लोगों को अतिशयोक्ति लग सकती है..

मुझे वह दिन भी याद है जब कई अन्य वजहों से मैं जितनी दफे दिल्ली से पटना जाता था और पड़ोस से चाभी लेकर घर खोलता था, फिर अगले दिन वह चाभी उसी पड़ोस में देकर गोपालगंज के लिए निकल जाता था..M.C.A. पहले सेमेस्टर की परीक्षा के बाद जब घर लौट रहा था तब मन में इस विकार के साथ यात्रा की थी कि अगर इस दफे भी घर में कोई ना हुआ तो पूरे तीन साल बाद ही घर जाऊँगा.. जी हाँ, वह विकार ही था, और इसे आज महसूस करता हूँ.. मम्मी आज तक सिर्फ एक ही इंसान को लेने के लिए रेलवे स्टेशन गई है, और वह मैं ही था, जब पहले सेमेस्टर की परीक्षा के बाद घर लौटा था..

अब ये तो पता नहीं की कितना सुधरा, इसका हिसाब-किताब उन्हें ही करने दिया जाए.......

Friday, April 06, 2012

और वह मरने कि हद तक जिन्दा रहा!!

दो लोग अनिश्चितता की स्थिति में बैठे हुए थे.. एक ही बेंच पर.. दोनों अपने कोने को पकड़ कर, जैसे किसी समानांतर रेखा कि ही तरह कभी ना मिलने वाले.. यह एक लंबी बेंच थी जिस पर कोई भी बैठ सकता था, और अभी वे दोनों बैठे हुए थे.. आम सामान्य दिनों में शायद कोई बुजुर्ग यहाँ बैठते हों.. प्रेमियों के बैठने के लिए यह बेंच ठीक नहीं कही जा सकती थी, क्योंकि सड़क से यह जगह साफ़ दिखाई दे जाती थी.. सामने दूर तक पेड़ पौधे थे जहाँ कुछ प्रेमी जोड़े, सरकारी दफ्तरों में काम करने के बाद आराम फरमाने या शायद कामचोरी करने आये कुछ लोग, कुछ आवारा कुत्तों के अलावा और कुछ भी ना था.. बादल छाये हुए थे और गर्मी इतनी भी नहीं की पसीने बेतरतीब बहे!!

"देखो हमारे शहर के लोग किस तरह प्यार करते हैं!" लड़की ने आँखों से इशारा करते हुए प्रेम में डूबे जोड़े कि तरफ दिखाया.. "क्या तुम ऐसे कर सकते हो?" उसके कहने के तरीके में भी एक व्यंग्य छुपा हुआ था.. या शायद उसे चिढा रही थी.. या शायद उसका हौसला परख रही थी!!

"मैं इन..." छिछोरे शब्द कहने से पहले वह थोडा अटका, प्रेम में डूबे लोगों के लिए छिछोरा शब्द कहना उसे अच्छा नहीं लगे या शायद मुझे खुद ही अच्छा नहीं लगा वह शब्द कहना, भले ही उनका वह प्रेम किसी पल्प साहित्य के किरदारों सा ही हो, भले ही वही जोड़े मात्र चंद दिनों बाद किन्ही और बाहों में उसी जगह देखने को मिलें.. ठीक वैसे ही जैसे प्रेम में बार-बार पड़ने वाले लोगों को कुछ बुरा कहने की हिम्मत वह अभी तक नहीं जुटा सका है, प्रेम हर हाल में पवित्र ही होता है, चाहे वह क्षण भर का ही हो, जब तक उसमें सिर्फ और सिर्फ वासना का ही अंश ना हो, उस हद तक "...लोगों से कहीं पवित्र प्रेम कर सकता हूँ.. या यूँ कहो कि कर रहा हूँ.." आगे ना लड़की ने कोई सवाल किया और ना ही लड़के ने कुछ कहा, एक मूक संवाद मात्र या शायद वह भी नहीं.. गहरा सन्नाटा...

बगल जमीन पर बैठे उस कुत्ते ने उठ कर अपनी जगह बदली और उसी बेंच के नीचे आकर बैठ गया.. कुत्ते ने उसके पैरों को सूंघ कर देखा, वह चौंक गई और दोनों ने ही ठहाके लगा दिए.. दो-तीन गिलहरियां भी तब तक आस-पास फुदकने लगी थी, कुछ खाने के लिए तलाश कर रही थी.. बगल में कम ही दिखने वाली एक-दो गौरैयों के साथ कुछ कौवे भी फुदक रहे थे.. गिलहरियों और गौरैयों को देख दोनों के बीच के सन्नाटे में मुस्कराहट घुल गई! कुछ और समय वहाँ गुजारने के बाद समय का ख्याल कर चल दिए..

"हम इतनी देर से साथ रहे, तुम मुझसे मिलने क्यों आते हो यह भी हम दोनों जानते हैं.. मगर फिर भी पूरे समय तक एक दूरी बना कर बैठे रहे.. एक दफे हाथ तो पकड़ ही सकते थे.." तब तक वे दोनों ऑटोरिक्शे में बैठ चुके थे, जो कुछ ही समय बाद दोनों को अलग-अलग रास्तों पर भेजने के लिए क्षण भर के लिए रुकने वाली थी.. बेचैनी का ग्राफ दोनों ही तरफ ऊपर कि ओर चढ रहा था, जब लड़की ने यह कहा.. उसने उसकी तरफ देखा और धीरे से उसका हाथ पकड़ लिया.. वह थोड़ी झिझकी, हाथ छुड़ाने कि कोशिश की फिर शायद यह सोचकर कि यह वक़्त भी निकल ना जाए, कोशिश बंद कर दी उसने!!

काश के जिंदगी भी किसी सिल्वर स्क्रीन की ही तरह होती, एक फंतासी ताउम्र बनी रहती, वे दोनों जब उसी ऑटोरिक्शा में जब आखिरी बार कुछ लम्हों के लिए हाथ पकड़े बैठे रहे थे, बस उसी छण कैमरे का क्लोज अप उन हाथो पर जाकर खत्म हो जाता.. आगे क्या हुआ, किसी को पता नहीं.. सभी किसी कयास में ही डूबे रहते.. किसी हैप्पी इन्डिंग की तरह सभी खुश रहते हैं..

मगर यह यथार्थ है, असली जिंदगी.. इतना सब कुछ होते हुए भी वह मरने की हद तक जिन्दा था..