ममता जी, घुघुती जी और अनिता जी का जिक्र एक अंग्रेजी के एक प्रसिद्ध चिट्ठे पर आज मैंने देखा है। उस अंग्रेजी चिट्ठे का नाम है वाटब्लौग और उसका लिंक यहां है। ये अंग्रेजी चिट्ठा कारपोरेट ब्लौगिंग के लिये प्रसिद्ध है और इसे चलाने वाले सभी युवा वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह एक कम्पनी का रूप लिये हुये है और इस के CEO बस 22 वर्ष का एक युवक है। इसका मुख्य कार्यालय मुम्बई में है।
कल ही इकोनोमिक टाइम्स पर हिंदी महिला चिट्ठाकारों की चर्चा थी और आज वाटब्लौग पर। इसे देखकर ये कहा जा सकता है कि हिंदी चिट्ठों का स्वरूप धीरे धीरे बदल रहा है और हम इसे लेकर भविष्य में आशावान हो सकते हैं।
Thursday, February 07, 2008
कुछ बातें ब्लौगवाणी की मेरी समझ से बाहर
मैंने कल "मोहल्ला" और "अपनी छोटी सी दुनिया" पर एक साथ एक पोस्ट डाला था, जिसका शीर्षक मोहल्ला पर "कौन शांति, किसकी हत्या, अमां छोड़ो यार!" था और मेरी छोटी सी दुनिया पर "शांति की हत्या का जिम्मेवार कौन?"
आज सुबह जब मैंने ब्लौगवाणी चेक किया तो पाया की मोहल्ला पर किये हुये पोस्ट को 13 लोगों ने पसंद किया है जबकी सिर्फ 11 लोग पढें हैं। मैं पहले भी इसे लेकर एक बार एक पोस्ट गिरा चुका हूं और जवाब में कमेंट के द्वारा मेरी शंका को दूर कर दिया गया था(मुझे तो एक ने पुलिस की साईबर क्राइम ब्रांच में होने जैसी बातें भी कही थी :D), सो मुझे आश्चर्य नहीं हुआ। पर आज 11 बजे के आस-पास मैंने पाया की वो पोस्ट आज की पसंद से गायब है, जबकि ऐसा शाम में 5 बजे के आस-पास होना चाहिये क्योंकि मैंने कल शाम 5 बजे के आस पास इसे पोस्ट किया था। और फिर थोड़ी देर के बाद वो बस एक पसंद के साथ फिर से दिखने लगा।
अब बात करता हूं मेरे अपने ब्लौग की। अभी लगभग 4:15 हो रहें हैं। मेरे ब्लौग पर किये गये उस पोस्ट को 5 लोगों ने पसंद किया है जो अभी भी दिखा रहा है। और उसे मेरे लिखने तक 36 बार ब्लौगवाणी के द्वारा पढा गया है। मगर वो आज सबसे ज्यादा पढे गये लिस्ट से नदारद है।
मेरा ब्लौगवाणी को चलाने वाले लोगों से एक प्रश्न है कि ऐसा किसी तकनीकी त्रुटि के कारण हो रहा है या फिर इस साइट के डिजाइन में ही गड़बड़ी है। क्या मुझे आप इस साइट को बनाने के पीछे कि प्रोग्रामिंग लाजिक की चर्चा मुझसे कर सकते हैं?
मैंने अभी इसे पोस्ट करने से पहले फिर से ब्लौगवाणी को रिफ्रेस किया तो मेरी वो पोस्टिंग वहां से गायब थी। मतलब मेरे ब्लौग के साथ ऐसी स्तिथि लगभग आधे घंटे तक बनी रही क्योंकि मुझे ये पोस्ट करते करते लगभग 4:40 हो चुका है।
मैं एक बार फिर से यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं की मेरे इस पोस्ट के पीछे ब्लौगवाणी की खिंचाई करने जैसा कुछ भी उद्देश्य नहीं है बल्कि मुझे यह साइट इतना अधिक पसंद है की मैं इसके बारीक से बारीक चीजों पर भी कुछ ज्यादा ही ध्यान दे देता हूं। सो इसे अन्यथा ना लिया जाये।
ब्रेकिंग न्यूज(सबसे तेज आजतक)
इस देश का क्या होगा?
नीचे दिये हुये आज के ब्रेकिंग न्यूज को देखिये। सच में गंभीर खबर है। पूरे देश को इसके लिये एकजुट होना परेगा।
ये मुझे एक फ़ारवाडेड मेल के द्वारा मुझे मिला, इस मेल का शीर्षक और जो कंटेंट था उससे मैंने कोई छेड़-छाड़ ना करते हुये बस अंग्रेजी से हिंदी में अनुवाद किया है। मैं टेलिविजन नहीं देखता हूं, सो मुझे पता नहीं की ये कब की बात है। चित्र से भी ये स्पष्ट नहीं होता है की ये आजतक पर ही आया हो। मगर एक बात तो स्पष्ट है कि ये किसी भारतीय न्यूज चैनल पर ही आया था। जिस देश के न्यूज चैनल का ब्रेकिंग न्यूज इस तरह की खबर हो सकती है उसका तो खुदा ही मालिक है।
Wednesday, February 06, 2008
शांति की हत्या का जिम्मेदार कौन??
शांति एक आम भारतीय थी। छेड़खानी में कपड़े की खींचतान को बड़ी खबर बना देने वाला मीडिया भी इस मामले में कुछ नहीं करने वाला। क्योंकि शांति के उघड़े हुए जिस्म की तस्वीर अनखिंची रह गयी। ज़ाहिर है, इसे दिखाने या छपने से उनकी TRP या सर्कुलेशन नहीं बढने वाला है। मैं मानता हूं ये महज खुदकुशी नहीं, हत्या है। क्या आप मीडियावाले ये बता सकते हैं कि शांति की हत्या का जिम्मेदार कौन है?
Tuesday, February 05, 2008
नये भारत की नई तस्वीर
एक कंकाल सा शरीर जो सकुचाता हुआ कहीं बैठने की जुगत में लगा हुआ था और बगल में खड़े टिप-टाप लोग उसे ऐसे देख रहे थे जैसे किसी गली के जानवरों से भी गया गुजरा हो। वो बैठा वहां, उसके साथ में एक 1-2 साल का बच्चा भी था। बस एक चिथड़ा जैसा कुछ लपेटे हुये। वो आदमी जिसके चेहरे से ही लग रहा था की वो कई दिनों से नहाया नहीं होगा क्योंकि शायद नहाना या दाढी बनाना उसकी प्राथमिकता में नहीं था।
किसी तरह से जगह ढूंढ कर वो फुटपाथ पर बैठ गया और अपनी पोटली खोली। उसमें चावल और सांभर था जो एक ही जगह रहने से गड्ड-मड्ड सा हो गया था। दोनों ही बड़े भुखे लग रहे थे पर फिर भी उस आदमी ने पहले उस बच्चे को अच्छे से खिलाया और जब उसने और खाने से मना कर दिया तब जाकर वो खुद खाना शुरू किया। मुझे आज दिन का अपना खाना याद आ गया जो मैंने पूरा बस इसिलिये नहीं खाया था क्योंकि मुझे आज की सब्जी अच्छी नहीं लग रही थी। उस आदमी को देखकर मन अपराधग्रस्त सा लगने लगा था।
वहीं बगल खड़े या वहां से गुजरने वाला लगभग हर आदमी अच्छे कपड़ों में था जो 10 रुपये का कोक के लिये 15 रुपये में खरीदने में भी नहीं हिचक रहा था। सामने एक नारियल पानी वाला 10-13 रुपये वाला नारियल 15-20 रुपये में इसलिये बेच रहा था क्योंकि वो एक साफ्टवेयर कम्पनी के बाहर बेच रहा था और उसे पता था की इस दाम पर भी लोग उससे नारियल पानी खरीदेंगे ही।
कई लोगों के हाथों में 4 से लेकर 8 रुपये तक के सिगरेट नजर आ रहे थे। और सभी की निगाह बस उस आदमी पर टिकी हुई थी। कुछ लोग उपहास भड़ी नजरों से उसे देख रहे थे। कुछ लोग आपस में बातें कर रहे थे की इसकी इतनी हिम्मत कैसे जो यहां बैठ गया। मगर कोई उसे कुछ भी नहीं बोला। पहली बार लगा की शराफत का मुखौटा ओढने का कुछ फायदा भी होता है।
आज जब मैं दोपहर में अपना मूड फ्रेश करने अपने आफिस से बाहर गया तो वहां का कुछ ऐसा ही नजारा था। शायद यही है नये विकसित होते भारत की नई तस्वीर जिस पर हमें गर्व है।
मैं पागल हूं
कल रात सोने से पहले मुझे इस ब्रह्मज्ञान का पता चला की मैं पागल हूं और आज जब मैंने अपने ब्लौग पर टिप्पणीयां देखी तो मन खुश हो गया की चलो एक पागल के पागलपने से भरे हुये बातों को भी लोग पढते हैं और लगे हाथों टिप्पणीयां भी करते हैं। डा. साहब कि बातों को मान कर अपने तकनीक संवाद नामक ब्लौग को फिर से जीवंत करने की इच्छा हो गई जिसे मैं तब तक के लिये टालना चाह रहा था जब तक कि मैं घर पर नेट कनेक्सन ना ले लूं।
खैर चलिये आज पहले मेरी ये कविता पढिये और मुझे गरियाईये इतनी बेकार सी पागलपने से भरी कविता पढाने के लिये।
मैं पागल हूं,
क्योंकि मैं सोचता हूं..
मैं पागल हूं,
क्योंकि मैं पूरे समाज को,
एक चश्में से देखने की कोशिश करता हूं..
मैं पागल हूं,
क्योंकि मैं अंग्रेजी को,
अपना सब कुछ मानने वाले समाज में,
भी हिंदी बोलना चाहता हूं..
मैं पागल हूं,
क्योंकि मैं अपना समय बरबाद होने की चिंता छोड़कर,
दूसरों की मदद करना चाहता हूं..
मैं पागल हूं,
क्योंकि मैं महाराष्ट्र या गुजरात नहीं,
बिहार जाना चाहता हूं..
मैं पागल हूं,
क्योंकि मैं किसी जलसे में,
किसी के कपड़े फाड़ने के पक्ष में नहीं हूं..
मैं पागल हूं,
क्योंकि ऐसे लोगों को दुनिया,
पागल ही कहती है..
और मैं खुश हूं,
क्योंकि मैं पागल हूं..
Monday, February 04, 2008
मायूसी भरे दिन
आज अपना भेजा खपा कर कुछ भी लिखने का मन नहीं कर रहा है पर समय भी तो काटना है। कमबख्त साफ्टवेयर बनाने वालों कि भी अजीब जिंदगी होती है। जब काम मिले तो इतना की अपनी झोली तो भड़े ही भड़े दुसरों कि झोली भी खीचने का मन करने लगे और जब काम ना हो तो बस भैया ठन ठन गोपाल।
हम तो भैया आज-कल ठन ठन गोपाल वालों की जमात में शामिल हैं। दिन भर सभी को ललचाई निगाह से देखते रहते हैं। किसी के पास कोई काम हो तो दे दो भाई, अब ब्लौग पढ कर जिंदगी नहीं कटती। सुबह सुबह आफिस आकर बस नेट पर ही अपनी पसंद कि चीजों को ढूंढकर समय बिताता हूं जैसे तैसे।
पिछले 1-2 महीनों से बस इसी हालत में जिंदगी काट रहा हूं। आज ही डा. महेश परिमल जी का ब्लौग पढ रहा था उसमें उन्होंने लिखा था की जब हम अपनी जिंदगी को बोझ समझने लगते हैं तभी ये जुमला इस्तेमाल करते हैं। अब वे तो बड़े ज्ञानी आदमी हैं, मैं अभी इस हालत में नहीं हूं की उनका कहा झुठला सकूं और मेरे साथ आजकल यही सच्चाई भी है।
हर दिन सुबह आफिस आना और चुपचाप बिना किसी काम के अपने क्यूबिकल में शाम तक बैठना मेरे लिये किसी जंग को जितने से कुछ अलग नहीं है। ना सो सकते हैं, ना कोई विडियो देख सकते हैं, ना कोई गाना सुन सकते हैं और ना ही कोई काम है। पर लाग इन टाइम और लाग आउट टाइम में कम से कम आठ घंटे का अंतर तो होना ही चाहिये। अब आप ही कहिये ये भी भला कोई बात है?
वो तो फिर भी मैं खुद को थोड़ा खुशकिस्मत समझता हूं की मैं अभी फिलहाल ऐसे टीम में हूं जहां आर्कुट और यूट्यूब कोछोड़कर कुछ भी बैन नहीं है, नहीं तो ब्लौग भी नहीं होता समय बिताने के लिये। ना गूगल पर रोज का समाचार ही पढ पाता।
खैर देखिये मायूसी का ये दौर कब रूकता है। कब मैं सुबह-सुबह उठूं और मुझे ये नहीं सोचना परे कि आज आफिस में क्या करूंगा। कब मुझे ये सोचने का मौका भी ना मिले कि आज का दिन कैसे काटूंगा। कई लोगों को तो ये किसी जैकपाट से कम नहीं लगता होगा की बैठे-बिठाये पूरा पैसा मिल जाता है, पर मुझे तो फिलहाल ये दिन किसी पहाड़ से कम नहीं लग रहा है। अब मुझसे और नहीं लिखा जाता। कोई मेरी हालात पर तरस तो खाओ।
बू हू हू हू............

Sunday, February 03, 2008
समय और रेत
हाथ से फिसल जाती हैं रेत..
मैंने तो हाथ खोल दिये थे,
फिर भी एक कण ना बचा सपनों का..
एक आंधी सी आयी थी,
जो उसे उड़ा ले गई..
हां वो आंधी समय की ही थी..
और मैं अब तक,
हवा में उड़ते उन कणों के इंतजार में हूं..
कभी तो हवा की दिशा बदलेगी...
Saturday, February 02, 2008
एक एनोनिमस की टिप्पणी
आप भी पढिये एनोनिमस जी कि टिप्पणी और उसका जवाब भी..
Anonymous said...
घन्नू भाई,देश के एक महान पत्रकार की जानकारी देकर आपने बहुत भला किया है - खासकर हिंदी पत्रकारिता का। वैसे अविनाश को मैं भी जानता हूं- वो शायद मुझे नहीं जानते। पहली बार दिल्ली में वे हरिवंश के ओएसडी के तौर पर नमूंदार हुए थे - चंद्रशेखर जी पर छपने जा रही किताबों के सहयोगी उपसंपादक के तौर पर। अचानक पता चला कि अविनाश लौट गए। क्योंकि कई आर्थिक अनियमितताओं का आरोप लगा था। अब वे बड़े महान हैं। एनडीटीवी में काम करना शायद महानता की निशानी है।
अविनाश said...
शुक्रिया Anonymouse, मेरे बारे में ये नयी जानकारी देने का। क्योंकि मुझे पता है कि मैंने अपना काम पूरा करके ही दिल्ली से रुख़सत किया। ये तथ्य उन किताबों पर भी छपा है, जो मैंने सहयोगी (दरअसल एकल संपादक) के तौर पर पूरा किया। वैसे, आर्थिक अनियमितताएं मेरी बड़ी ख्वाहिश रही है, पर साला अभी तक जुगाड़ लगा नहीं है।
Friday, February 01, 2008
अरे सर क्या बताऊं, इस बार तो मस्त-मस्त आइटम एडमिशन ली है
"अभी कुछ दिन पहले तो देखे थे की कैंपस में खुल्लम-खुल्ला एक फारेनर लड़का और एक फारेनर लड़की किस कर रहे थे और क्या-क्या नहीं कर रहे थे जैसे...(सेंसर्ड...)। जब एक फैकल्टी आकर रिक्वेस्ट किये की "This is India not Europe so please be mannered." तब जाकर दोनों अलग हुये। चीन से तो भड़कर आइटम लोग एडमिशन ली है और दिल्ली कि तो बात ही मत पूछिये। अरे सर क्या बताऊं, इस बार तो मस्त-मस्त आइटम एडमिशन ली है।"
पिछली बार मैं जब कालेज गया था तब मेरा एक जूनियर मुझे ये बता रहा था और मेरी मजबूरी उसे झेलने की थी क्योंकि वो मेरे एक बहुत पुराने मित्र (जो कालेज में मेरा जूनियर भी था) के साथ था। उसके चेहरे पर ये बताते हुये जो खुशी के भाव आ रहे थे उसका तो मैं वर्णन भी नहीं कर सकता हूं, जैसे मानो वो किसी खजाने का पता मुझे बता रहा हो।
काफी देर तक उसकी इस तरह की बातों को झेलता रहा। कुछ और नहीं कर सकता था क्योंकि कई बार सिनीयर होने का घाटा भी उठाना पड़ता है और दूसरी बात ये कि हर किसी से बहस करने की उर्जा मेरे भीतर नहीं है। सामान्यतः मैं उसी से बहस करता हूं जिसे मैं बहस के लायक समझता हूं और कम से कम मैं उस लड़के को बहस के लायक तो नहीं ही समझता हूं।
खैर जब मुझसे रहा नहीं गया तो मैंने पूछा की तुम्हारी कोई बहन है? और उसके उत्तर देने से पहले ही मैंने कहा की अगर कोई बिलकुल ऐसी ही बातें तुम्हारी बहन के बारे में बोले तो कैसा लगेगा? चलो मान लेते हैं कि तुम्हारे सामने ना बोले, पीठ पीछे ही बोले और तुम्हें इसका पता ही चल जाये तो?
अब उसने खींसे निपोरनी शुरू कर दी। और बोला क्या सर आप तो मूड ही खराब कर दिये। और फिर कुछ देर की खामोशी के बाद हम अपने-अपने रास्ते चल दिये। मुझे पता है जिस तरह का उसका स्वभाव है उसमें अगर वो मेरा जुनियर नहीं होता तो मुझसे भिड़ गया होता। सिनीयर होने के कुछ फयदे तो कुछ नुकसान भी हैं।
मेरे कालेज का मेन बिल्डिंग