Showing posts with label My Diary. Show all posts
Showing posts with label My Diary. Show all posts

Friday, December 10, 2010

एक सड़क जो कभी शुरू नहीं हुई

आज तक कभी कोई दिखा नहीं है उस घर में.. कभी उसके बरामदे में टहलते हुये भी नहीं.. नहीं-नहीं! कभी-कभी कोई दिख जाता है.. शायद गर्मियों कि शाम जब बिजली आंख-मिचौली खेल रही हो.. सर्दियों में तो शायद कभी नहीं.. गर्मियों के दिनों में पटना में बिजली कि आंख मिचौली खेलनी बेहद आम बात है.. खासतौर से उन दिनों जब मैं पटना में होता हूँ.. वर्ना तो अकसरहाँ मुझे बताया जाता रहता है कि बिजली हर समय रहती है.. हजारों बार उधर से गुजरने के बाद भी शायद ही किसी का दिखना, मगर फिर भी जाने क्यों मुझे वह सड़क अपनी ओर खींचती सी महसूस होती है.. किसी गुरूत्वाकर्षण या चुम्बकत्व के प्रभाव के समान.. मैं नहीं जाना चाहता हूं उधर.. मगर जब कभी उस सड़क के पास से गुजरता हूं मेरे मोटरसायकिल का हैंडल स्वतः ही उस ओर घूम जाता है.. मुझे अच्छे से पता होता है कि उधर कुछ भी ऐसा नहीं है जो मेरे जीवन से संबंधित है.. मगर फिर भी... ना जाने क्यों??????

पुरानी डायरी का पुराना पन्ना - दिनांक ११ जून २००७

Sunday, October 31, 2010

पुराने डायरी का पन्ना

यह बातें मैंने ३० जून २०१० को लिखी थी.. लिखते वक्त जाने किन बातों को सोचते हुए इतनी तल्खियत में लिख गया था.. आज ना वे बातें याद हैं और ना ही उन बातों के पीछे कि तल्खियत.. फिर भी इसे जस का तस आप तक भेज रहा हूँ..

अब अच्छी कहे या बुरी, मगर जनाब आदत तो आदत होती है.. और जो छूट जाये वह आदत ही क्या? जैसे मेरी एक आदत है.. कहीं कुछ भी अच्छा लिखा दिखा, तो उसे अपने कालेज के उन सहपाठियों को मेल कर देता हूँ जिन्हें अपना मित्र समझता हूँ.. कई बार तो यह भी नहीं बताता हूँ कि यह मैंने लिखी या किसी और ने.. मुझे कभी-कभी अपना लिखा भी पसंद आ ही जाता है.. अपना लिखा पसंद करने में कोई गुनाह भी नहीं दीखता है मुझे.. जब मैं "मेरी छोटी सी दुनिया" में नहीं लिख रहा होता हूँ तो अपने निजी ब्लॉग पर लिखता होता हूँ, इसे स्वांत सुखाय कर्म कहना ही ठीक रहेगा.. किसी निजी डायरी कि तरह, जिसके दरवाजे बंद हैं सभी के लिए.. उन्हें जब कुछ भी मेल करता हूँ, तब मुझे एक-दो को छोड़ किसी से यह उम्मीद बिलकुल नहीं होती है कि वे इसे पढेंगे ही.. वे भी शायद यही समझते होंगे कि क्या पागलों कि तरह इतने लंबी-लंबी कहानियाँ मेल करता रहता है.. खैर इसकी परवाह होती तो अभी तक यह सिलसिला ना चलता होता.. जिस दिन कोई कह देगा कि मत भेजो, उस दिन से उसे भेजना बन्द.. फिलहाल तो यह जारी ही रहेगा.. आदत जो ठहरी.. और आदत इतनी आसानी से थोड़े ही ना जाती है!!!

अभी कुछ दिन पहले कि ही बात है.. मैंने "मानव के मौन" से उठाकर यह कहानी "तोमाय गान शोनाबो" सभी को मेल की.. फिर एक दिन अपने एक मित्र से यूँ ही पूछ बैठा, "आजकल फुरसत में हो(उन दिनों वाकई वह फुर्सत में थे), तो कहानी पढ़ने का पूरा समय मिल जाता होगा? वह कहानी कैसी लगी?" यह मित्र उन मित्रों में से आता है जिनसे यह उम्मीद रहती है कि उसे पसंद आये ना आये मगर वह पढता जरूर होगा.. उसने कहा, "थोडा और खुलकर लिखता तो मस्तराम हो जाता.." मैं भी उसकी बात पर हँस दिया.. खुद के हँसते वक्त मुझे यह भी याद आया कि कैसे उस दिन मैंने उससे जिरह की थी जब मेरे ही कहने पर वह मंटो को पढ़ा था और लगे हाथ उसने भी मंटो को अश्लील कह कर ख़ारिज करने कि कोशिश भी की थी.. साहब, कोशिश क्या की थी, वो तो लगभग ख़ारिज हो भी चुका था.. बड़ी मुश्किल से मंटो को अश्लील होने से बचाया था, शायद!! मगर अब इन जिरहों में नहीं पड़ना चाहता था.. यह सोच कर सिर्फ हँस कर निकल लिया कि हर कोई अपनी सोच के साथ जीता है, मैं भी.. और उस सोच में कोई किसी तरह का खलल नहीं चाहता है..

ठीक ऐसी ही एक मित्र हैं, उसे कई वैसी कहानियों या सिनेमाओं से चिढ है जो सच्चाई दिखाती हो, या फिर उन कहानियों किस्सों को नापसंद करती हो जिसे मैं पसंद करता हूँ.. अभी तक तय नहीं कर पाया हूँ.. उससे भी यह उम्मीद हो चली है कि अधिकांश फीसदी मेरी भेजी कहानियाँ पढ़ती होगी.. क्योंकि अधिकतर मेरी भेजी वैसी कहानियों पर अपनी नापसंदगी जाहिर कर चुकी है जिसका अंत असल दुनिया कि तरह ही निराशाजनक होता है.. शायद उसके ख्वाबों कि दुनिया में असल दुनिया अथवा असल दुनिया कि कहानियों की कोई जगह तय नहीं होगी.. शायद!! पता नही!!! उफ़ ये परीज़ाद के किस्से भी!!!!

मुझे वह दिन भी याद आ गया जब घर पर अपनी एक मित्र के साथ बैठ कर गप्पे हांक रहा था और उधर टीवी भी चल रही थी.. कोई म्यूजिक चैनल था, जिस पर बदल-बदल कर गाने आ रहे थे.. मैं गुलजार के किसी गाने पर अटक गया.. वह मुझसे बेतक्कलुफ़ होकर कह दी, "मुझे गुलजार के गाने कभी समझ में नहीं आते हैं, मगर जब सभी तारीफ़ करते हैं तो अच्छा ही लिखते होंगे.." मैंने कहा, "समझना चाहो ता जरूर समझ में आएगी.." उसका कहना था, "ठीक है, तुम ही समझा दो कभी.." मैंने कहा, "ठीक है, समय आने दो.." मगर मन में चल रहा था कि उसे उन चीजों को कैसे समझाऊं जो भावनाओं पर बहते हैं, परिस्थितियों से गुजरते हैं.. गुलजार साहब, शब्दों से यूँ खेलना ठीक नहीं.. कहीं पढ़ा था, सागर के ब्लॉग पर, "एक सौ सोलह चाँद कि रातें, एक तुम्हारे काँधे का तिल" जैसी बातों को समझाने से उसने मना कर दिया था....अब कोई भला इसे कैसे समझायेगा? ये बचपन के, स्कूल के समय के कमबख्त हिंदी टीचर ने भी कबीर और रहीम के दोहे जैसी चीजों के अलावा कुछ भी नहीं समझाया.. बिहारी तक आते आते उनकी पढाने की कला में चूक हो जाया करती थी, या सिलेबस खत्म, या परीक्षा के चलते टाल जाया करते थे.. इन अथाह प्यार में डूबे गीतों को भी उन्होंने कभी नहीं समझाया जिनमे भावनाएं सच्चाई के साथ सवार रहती है...

एक दफ़ा जब याद है तुमको,
जब बिन बत्ती सायकिल का चालान हुआ था..
हमने कैसे, भूखे-प्यासे, बेचारों सी एक्टिंग की थी..
हवलदार ने उल्टा एक अठन्नी देकर भेज दिया था..
एक चव्वनी मेरी थी,
वो भिजवा दो..

सावन के कुछ भींगे-भींगे दिल रक्खे हैं,
और मेरी एक ख़त में लिपटी रात पड़ी है..
वो रात बुझा दो,
और भी कुछ सामान तुम्हारे पास पड़ा है,
वो भिजवा दो..

पतझड़ है कुछ,
पतझड़ में कुछ पत्तों के गिरने की आहट,
कानों में एक बार पहन कर लौट आई थी..
पतझड़ कि वो साख अभी तक कांप रही है..
वो भिजवा दो,

एक सौ सोलह चांद की रातें,
एक तुम्हारे कांधे का तिल..
गिली मेंहदी की खुश्बु,
झूठ-मूठ के शिकवे कुछ..
सब भिजवा दो..


Sunday, March 28, 2010

क्या हम खुद को गलत मानने कि हद तक मैच्योर हैं?

११ मार्च को आखिरी दफ़े कुछ लिखा था यहाँ.. १५ दिन से ऊपर गुजर गए हैं यहाँ कुछ भी लिखे हुए.. मैं कभी भी इस मुगालते में नहीं रहा कि लोग मुझे पढ़ने को बेचैन हैं और मुझे अपने पाठकों के लिए कुछ लिखना चाहिए.. मुझे पता है कि लोगों कि यादाश्त बहुत कमजोर होती है और जो सामने उन्हें दिखता है बस उसे ही याद करती है.. बाकी बाते तो इतिहास के पन्नों में छिप जाया करती है.. अच्छे-अच्छे लेखक को भी लोग भूल जाया करते हैं, मैं तो लेखक भी नहीं हूँ..

कई लोग हैं जो मुझसे यह बात पूछ चुके हैं कि तुम कुछ लिख क्यों नहीं रहे हो? कुछ फोन पर, कुछ चैट पर और कुछ ई-पत्र के जरिये.. मैं अच्छे से जानता हूँ कि इसका कारण मेरा लिखा पढ़ने कि इच्छा के बदले उनको यह जानने कि उत्सुकता है कि मैं कभी भी इतने अंतराल तक अपने ब्लॉग को खाली नहीं छोड़ा करता हूँ.. आज भी कुछ बकवास ही लिख कर जा रहा हूँ..

चलिए मैं बता ही देता हूँ कि इन दिनों क्या किया?

इन दिनों खूब पढ़ा हूँ, जिसमे कंप्यूटर कि किताबों से लेकर साहित्य और दर्शन तक शामिल है.. अभी भी कई किताबें बची हुई है जो समयाभाव में मेरी राह तक रही हैं.. अपने स्वाभानुसार खूब सोचा भी हूँ, जिसमे इन साहित्य और दर्शन से लेकर अपने जीवन और भविष्य से संबंधित बाते भी हैं.. कई नए अनुभव भी मिले हैं इन पन्द्रह दिनों में ही जो शायद जीवन में तब तक काम आयें जब तक उसे गलत साबित करने वाले नए तथ्य सामने ना आ जाये..

काफी कुछ लिखा भी हूँ.. मगर सिर्फ और सिर्फ अपने लिए.. किसी और को उस जगह झाँकने नहीं देना चाहता हूँ.. क्योंकि मेरा मानना है कि हिंदी ब्लॉग जगत अभी तक उतना मैच्योर नहीं है कि उसे हजम कर सके.. लोग यहाँ चार-पांच साल पुराने लिंक को भी संभाल कर रखते हैं जिससे समय आने पर सामने वाले पर कीचड़ उछाला जा सके.. सामने वाले को नंगा कर खुद को सभ्रांत लोगों में शुमार दिखना चाहते हैं.. कुछ कुछ यही हाल मैं समाज के बारे में भी कहूँगा.. समाज के लोग तिलमिला उठते हैं ऐसी बाते सुनकर.. अपनी भ्रांतियों को टूटते देखना उनकी आदत में नहीं है.. कुछ लोग जल्दी और कुछ देर से मगर तिलमिलाते सभी हैं, और उसपर भी अगर बात सच्ची हो और उसे काटने का कोई तर्क उन्हें नहीं दिखे तो उसे अश्लील या वल्गर कहकर ख़ारिज कर देना चाहते हैं..(सनद रहे कि मैं भी इसी समाज और हिंदी ब्लॉग जगत ही ही बासिन्दा हूँ.. सो यह सब मुझपर भी लागू होता है..)

सभी कुछ लिखता हूँ अपनी वेब डायरी में.. एक ऐसे ब्लॉग पर जो मेरा नितांत निजी ब्लॉग है और उसपर मेरे अलावा किसी और को भटकने का अधिकार मैंने नहीं दिया है.. कुछ ख़्वाब ख्यालात कि बाते भी हैं उस पर, कुछ रूमानी बाते भी और कुछ समाज, दोस्ती और रिश्तों कि बाते भी.. कुछ बाते मैंने अपने कुछ मित्रों से भी कि उन विषयों पर जिन पर मैंने वहाँ लिख छोड़ा है, मगर उनके शब्द या व्यवहार फिर से बिना किसी तर्क के उसे ख़ारिज करने पर ही लगा हुआ था.. हो सकता है कि कभी मैं खुद ही उन्हें खारिज कर दूं, और बिना किसी गवाह या सबूत के उसे डिलीट होने का सजा भी सुना दूँ..

फिलहाल जिन किताबों को पढ़ रहा हूँ उसका चित्र मैं यहाँ लगा रहा हूँ.. जिन्हें जल कर ख़ाक होना है वह हो जाए और जिन्हें यह सोचकर गर्व करने का मौका मिल जाए कि "हुंह, यह सब तो मैंने दस साल पहले ही पढ़ रखे हैं" तो वे गर्वित भी हो सकते हैं..



कुछ अंग्रेजी कि पुस्तके भी हैं, जिनकी तस्वीर यहाँ नहीं लगा रहा हूँ, जिनमे प्रमुख रूप से रोबिन शर्मा कि किताबें शामिल है..

फुटकर नोट : कभी कभी लगता है वे मनुष्य जो सबसे अधिक अनैतिक होते हैं, नैतिकता का सबसे बड़ा लेक्चर उन्ही के पास होता है..