Showing posts with label चेन्नई. Show all posts
Showing posts with label चेन्नई. Show all posts

Sunday, January 26, 2014

एक अप्रवासी का पन्ना

बात अधिक पुरानी नहीं है...मात्र एक साल पुरानी...अब एक साल में कितने दिन, कितने महीने, कितने हफ्ते और कितने घंटे होते हैं, यह गिनने बैठा तो लगता है जैसे एक युग पहले कि बात की जा रही हो. मगर यह फक़त एक साल पुरानी ही बात है. आज रात ही को चेन्नई से निकला था बैंगलोर के लिए और सत्ताईस की सुबह पहुँचा था.

चेन्नई छोड़े मात्र एक साल हुआ है, मगर ऐसा लगता है जैसे कभी वहां था ही नहीं. वह भी तब जबकि जीवन में दूसरा सबसे लम्बा समय उस शहर में ही बीता है. पहला पटना था, और तीसरे की खोज में हिसाब-किताब करने बैठा नहीं, वरना तो किस्तों में ज़िन्दगी जाने कितने ही शहर दिखा चुकी है.

जिस शिद्दत से पटना कभी याद आता है, उतनी शिद्दत से मगर चेन्नई को कभी याद नहीं कर पाया. पता नहीं उम्र का असर ठहरा या वाकई उस शहर से उतना लगाव ही ना हो पाया हो? कारण कुछ भी हो सकता है. उम्र का असर इसलिए की समय के साथ आस-पास के जगहों का तिलिस्म टूटने लगता है. शायद यह बहुत बड़ी वजह होती है कि बचपन में बिताये समय और मित्र हमेशा ही ज़ेहन में वैसे ही याद रहते हैं जैसे कल की ही बात हो.

अब भी याद आता है, चेन्नई छोड़ने से महीने भर पहले साथ काम करने वाली एक मित्र ने पूछा था, "क्या हमें याद करोगे वहां?" उस समय तुरत बिना एक क्षण सोचे जवाब दिया था "नहीं".. फिर जैसे-जैसे बैंगलोर आने का दिन नजदीक आने लगा वैसे-वैसे ही कुछ अच्छा नहीं लग रहा था. आखिर छः साल का समय कम भी नहीं होता है. एक दिन ईमानदारी से उस मित्र को अपना जवाब फिर दिया.. "चेन्नई याद आये चाहे ना आये, मगर आप जैसे दोस्त जरुर याद आयेंगे." और अंततः वही बात सही साबित भी हुई.


मुझे अब भी याद आता है, जिस दिन मैंने वहां अपना त्यागपत्र दिया, उस दिन बहुत खुश था. मन में एक ख्याल यह भी था कि इस शहर और इस कंपनी से पीछा छूटा आखिर! मगर जैसे-जैसे दिन करीब आते गए वैसे-वैसे अकुलाहट भी बढती गई. मन मायूस सा होता गया. और आखिर आज के ही दिन अपना सामान बाँध कर रात की बस से बैंगलोर के लिए निकल लिया.

पिछले एक साल के बैंगलोर का पूरा ब्यौरा दूँ तो, कार्यस्थल पर काफी कुछ सीखने को मिला. सबसे अधिक मन में एक 'भय'.. हाँ, वह भय ही था. नयी तकनीक, नया प्रक्षेत्र(Domain) और उस पर भी अपने अनुभव के मुताबिक़ कार्य संपन्न करने का दवाब. कर पाऊंगा या नहीं, इसकी शंका. खैर, इन सबसे उबरने में अधिक मेहनत-मशक्कत नहीं करनी पड़ी. दूसरी बात यह कि वहां कई सालों से एक ही जगह कार्य करने से एक कम्फर्ट जोन में था, वह यहाँ फिर से बनाना. खैर, नए लोगों से मिलना, उन्हें जानना-समझना अच्छा लगता है, सो जल्द ही यहाँ भी अपना कम्फर्ट जोन बना ही लिया.

खैर, जीवन यूँ भी खानाबदोश हो चुका है. अपने देश में रहते हुए भी अप्रवासी होने को हम अभिशप्त हैं. कहने को भले ही कितना भी पटना को अपना कहूँ, मगर अब पटना जाने पर ही परायापन महसूस होता है. और वापस बैंगलोर(पहले चेन्नई) में प्रवेश करते ही लगता है जैसे अपने शहर, अपने घर में आ गया हूँ. पटना अब मात्र नौस्टैल्जिक होने वाला शहर ही बन कर रह गया है.

Monday, May 18, 2009

प्रभाकरण कि मौत तमिल लोगों कि नजर से

थोड़ी देर पहले ही यह खबर मिली कि प्रभाकरण मारा गया.. मुझे यह खबर एक तमिल मित्र द्वारा मिली.. उसके चेहरे पर कोई खुशी नहीं थी, सो मैं संकोच में आ गया कि इन लोगों के सामने मुझे किस तरह कि प्रतिक्रिया व्यक्त करनी चाहिये? अगर सिर्फ मेरी बात की जाये तो मुझे खुशी ही हुई यह खबर सुन कर मगर यह खुशी उन लोगों के सामने व्यक्त करना मुझे ठीक नहीं लगा जो मेरे शुभचिंतक भी हैं और साथ ही इस खबर पर उदास भी..

मैंने उन्हीं से जानना चाहा कि आप ही बतायें कि इस खबर पर तमिल लोगों कि क्या प्रतिक्रिया आयेगी?

उनका कहना था कि प्रभाकरण का भारत के प्रति बस एके ही गलती थी जिसके कारण उसे भारत का समर्थन नहीं मिल सका.. और वो थी राजीव गांधी कि हत्या.. अगर इस बात को हटा दिया जाये तो तमिल टाईगर किसी भी नजर से किसी अन्य आतंकवादी संघटन जैसी नहीं थी.. जब वह अपने चरम पर थी तब उसकी श्रीलंका में एक अलग सरकार जैसी चलती थी जिसने वहां के तमिल लोगों के भले के लिये बहुत सारे काम किये.. इसी तरह की कई बाते उसने मुझसे कही जो भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ कोई इंसान ही बोल सकता है.. साथ ही साथ उसने एक बात और कही, "जो भी तमिल नहीं है वह इस भावनात्मक पहलू को कभी नहीं समझ सकता है.." जो एक हद तक सही भी है..

मेरे मित्र को एक उम्मीद यह भी है कि शायद अभी प्रभाकरण जिंदा हो.. उसका कहना है कि प्रभाकरण हमेशा अपने दो हमशक्लों को रखता है(जिसकी पुष्टी कई समाचार साईट पर भी कि गई है), और शायद उन्हीं हमशक्लों में से कोई मारा गया हो शायद.. ये कुछ-कुछ ऐसी ही उम्मीद है जैसे कि किसी परी कथा का नायक दुश्मनों के लिये मर चुका होता है मगर असल में वह अचानक हमला करके सभी दुश्मनों को धराशायी कर देता है..

मैं तमिल बनाम सिंघल के बहस में नहीं पड़ना चाहता हूं, मगर यहां के तमिल लोग भावनात्मक रूप से तमिल टाईगर से बहुत जुड़े हुये हैं.. प्रभाकरण भले ही मारा गया हो मगर वह एक मिथक के रूप में तमिल लोगों के जेहन में हमेशा जिंदा रहने वाला है..

नोट - इस लेख को प्रभाकरण के पक्ष में लिखा गया लेख ना माना जाये.. जो भी बातें लिखी गई हैं वे सभी तमिलनाडु के निवाशियों से ली गई राय के बाद लिखी गई है..

Friday, December 26, 2008

हर्ष मनाऊं या शोक?

आज का दिन कुछ ऐसा है जिसने मुझे असमंजस में डाल रखा है कि मैं आज हर्ष मनाऊँ या शोक? मेरे पास दोनों ही के लिए उम्दा कारण भी हैं.. हर्ष मनाने का कारण आज मेरे पापाजी का जन्मदिन है और शोक का कारण आज के ही दिन तीन साल पहले आया सुनामी है जिसने लाखों लोगों कि इहलीला समाप्त कर दी थी और लाखों को पूरी तरह से उजाड़ कर रख दिया था..

शोक मनाने का कारण -
आज से ३ साल पहले मैं आज के दिन ट्रेन में था और अपने कालेज लौट रहा था.. सुबह सुबह उठ कर देखा तो समाचार पत्र पूरी तरह से इन सुनामी कि खबरों से भरे हुए थे.. उस समय इसकी तीव्रता का अनुमान मुझे नहीं हुआ था.. फिर घर से फोन आया और कुशल-मंगल पूछा गया.. उस सुनामी से चेन्नई में भी भारी तबाही हुई थी और मेरे ट्रेन को भी समुद्र तट के बगल से होते हुए चेन्नई से होकर गुजरना था.. चेन्नई आने से पहले ट्रेन से समुद्र का तट काफी दूर से दिखाई देता है, मगर मुझे याद है उस दिन ऐसा लग रहा था जैसे समुद्र के ऊपर पुल बना हुआ है और उससे होकर हमारी ट्रेन जा रही है.. फिर भी उसकी भयानकता का अनुमान हमने नहीं लगाया.. इसकी भयानकता का अनुमान तो एक-दो दिन बाद जाकर लगा जब हम कालेज सुरक्षित पहुँच गए थे..

हम मनुष्य सोचते हैं कि इस पानी, पत्थर, समुद्र, नाले, पर्वत, पहाड़ में प्राण नहीं होता है.. यह प्रकृति निर्जीव होती है और यह सोचकर प्रकृति को एक चुनौती समझ कर बांधने निकल चलते हैं.. मगर यही निर्जीव प्रकृति जब सजीव होकर अपना बदला लेने निकलती है तब उसके लिए सारी सीमा समाप्त हो जाती है.. शायद सुनामी ने यही साबित करने कि कोशिश कि थी..

हर्ष का कारण -
जब से होश संभाला और पता चला कि जन्मदिन बस बच्चो का ही नहीं होता वरन पापा-मम्मी का भी होता है तब से हर संभव प्रयास रहा कि उनका जन्मदिन भी उसी तरह से मनाया जाए जैसे हम बच्चो का मनाया जाता है.. आज २६ दिसम्बर को मेरे पापाजी का जन्मदिन है और जब हम घर पर होते थे तब बहुत धूमधाम से उनका जन्मदिन मनाते थे.. अब इसा बार यह जिम्मेदारी सिर्फ भैया पर है क्योंकि अभी बस वही पापा-मम्मी के पास है.. उनके लिए केक लाना, कहीं बाहर डिनर पर निकलना.. पता नहीं भैया क्या कर रहे होंगे.. आज मुझे बहुत दुःख हुआ क्योंकि आज पापाजी हम सभी पर यह आरोप लगा रहे थे कि हम तीनो उनका जन्मदिन भूल गए हैं.. किसी ने उन्हें सुबह-सुबह बधाई नहीं दी..

कल रात बारह बजे मैं अपने मित्र को बता कर खुश हो रहा था कि आज मेरे पापाजी सठिया गए..:) उसने पूछा कि ऐसा क्यों बोल रहे हो, तो मैंने कहा कि आज मेरे पापाजी का जन्मदिन है और आज वो साठवे वर्ष में प्रवेश कर गए हैं.. उसने मुझसे पूछा कि फोन कर लिए और मैंने कहा कि सो गए होंगे.. अब मुझे ऐसा लग रहा है कि उनकी नींद तोड़कर उन्हें फोन कर ही देना चाहिए था कम से कम उन्हें यह तो नहीं लगता कि सभी उनका जन्मदिन भूल गए हैं.. खैर और क्या कहूँ.. थोडी देर में फोन करके पता करता हूँ कि आज दिन भर की क्या किये? दोपहर में तो बता रहे थे कि कोई प्लान नहीं है, मगर क्या पता कि भैया का कोई प्लान हो..