हो सकता है कि आज के जमाने में किसी को यह अतिश्योक्ति लगे, मगर हमारे घर में अभी तक यह लगभग किसी नियम के तहत चलता आ रहा है कि रात में सोने से पहले माता-पिता का चरणस्पर्श करके ही हम सोने जाते हैं.. इसका सबसे बड़ा फायदा बचपन से ही मुझे यह दिखा है कि अगर किसी तरह कि अगर किसी तरह कि नाराजगी रही हो माता-पिता की तरफ से अथवा हम बच्चों कि तरफ से तो वह कभी भी अगले दिन तक नहीं खींचता था.. रात में जब आशीर्वाद लेने के लिए हम जाते थे तब वहीं उसका निपटारा हो जाया करता था.. अभी भी हम हर रात को आशीर्वाद लेने जाते हैं, मगर बच्चा 'फर्स्ट' होने के लिए सबसे पहले भागता था, सबसे पहले 'पाम'(प्रणाम) उसे ही जो करना होता था दादा-दादी को..
पापा-मम्मी के कमरे में आज भी मच्छरदानी का प्रयोग होता है.. बाकी हम लोग उसका प्रयोग करना बंद कर चुके हैं.. पापा का कहना है कि 'जो मच्छरदानी नहीं लगाता है वो हमको गंवार लगता है' और हमारा कहना है कि 'जो मच्छरदानी लगाता है वो हमें' :).. खैर जो भी हो, मगर चूंकि हमलोग उसका प्रयोग नहीं करते हैं सो बच्चे को भी उसके भीतर अजीब सा बंधन लगता है, और यह एक बहुत बड़ा कारण है कि वह रात में अपने दादा-दादी के पास कभी नहीं सोया है.. अभी एक दिन मैं मच्छरदानी में घुस कर, बच्चे को चिढा-चिढा कर पापा-मम्मी पर 'लार छिड़िया' रहा था, और बच्चा इतना अधिक स्वत्वबोधक(Possessive) कि मच्छरदानी में सब बंधा-बंधा होने के बावजूद अंदर घुस कर मुझसे कुस्ता-कुस्ती करने लगा और अंततः जब तक मैं बाहर नहीं निकल गया तब तक वह वहाँ से हटा नहीं..
बच्चे को हर दिन सुबह होने पर 'दारू' चाहिए होता था.. नहीं, यह पी कर तल्ली होने वाला दारू नहीं है, यह तो घर साफ़ करने वाला 'झाड़ू' है.. सुबह उठने पर जैसे ही उसका 'भक्क' टूटता था वैसे ही वह 'दारू-दारू' की रट लगा देता था, और जब तक 'दारू' उसके हाथ ना लगे तब तक उस बालकनी का दरवाजा पिटता रहता जिस बालकनी में 'दारू' रखा होता है.. दिन में और किसी भी समय वह 'दारू' की तलाश नहीं करता था, सिर्फ सुबह ही!! बच्चे को पता था कि सुबह के समय घर कि सफाई होती है.. हमारे यहाँ काम करने वाली को वह 'उवा' (बुवा) और उसकी बहन को 'उप्पा'(रूपा) बुलाता था.. नए जगह पर एक नयी काम वाली को देख कर बहुत देर तक परेशान रहा और फिर अपनी मम्मा से 'मम्मा उवा-उप्पा' का पता पूछता रहा..
कपड़े पहनने में उसके नखरे बड़े.. लेकिन जैसे ही किसी से सुन लिया 'तंदा-तंदा'(ठंढा), वैसे ही अपनी लाल वाली बन्दर टोपी लेकर पहुँच जाता.. अगर किसी ने 'तंदा-तंदा' नहीं बोला तो फिर कोई भी टोपी पहनाओ, तुरंत उतार फेंकता था.. उसे सबसे अधिक भय अपने छोटे पापा से ही था और अभी भी है, कि वो उसका पैंट (जो कि लगभग मेरे मोजा के बराबर आता है), उसका शर्ट, उसका 'छोक्छ'(शोक्स), उसका जैकेट, सब पहन लेंगे.. कम से कम इसी डर से चुपचाप बिना शोरगुल किये और बिना किसी को मेहनत कराये पहन लेता था.. पता नहीं भाभी अब भी उसे मेरा ही डर दिखा कर यह सब पहनाती होंगी या अब कुछ नयी बात हो चुकी होगी!!!!
कल रात भैया-भाभी और बच्चे के साथ मैंने Video Chatting की और सुबह पापा-मम्मी को चिढाया इस बाबत.. :) कम से कम इसी बहाने उनमें यह तकनीक सीखने की ललक तो पैदा हुई.. केशू अपने नए वाले घर में अपने बलखाती जुल्फों के साथ :)
काफी दिन हो गए पटना आये हुए, अब जाने का दिन भी नजदीक आ रहा है.. हर दिन पापा को चिढाता हूँ "अब बस चौदह दिन बचे हैं", "अब बस बारह दिन बचे हैं".. पापा कल तक बोलते थे कि "काहे याद दिलाता है, तुमको जब जाना है जाओ ना?" मगर जब आज वही बात मैंने उन्हें याद दिलाई तो बोले कि "अच्छा हुआ जो पहले से याद दिला रहा था, चोट कम लगेगी तुम्हारे जाने की.." :(
दीदी की बड़की बिटिया का जन्म हमारे यहाँ ही हुआ था, और बचपन में दीदी कि छुटकी बिटिया के मुकाबले मैं बड़की के ही अधिक संपर्क में रहा। उसके पैदा होने पर उसे हाथ में लेकर देखा था, मेरी हथेली में उसका पूरा धड़ और उसका सर मेरी अँगुलियों के सहारे से आराम से टिक जाता था। लगभग यही हाल भैया के बेटे का भी था। वो भी मेरी हथेलियों से बाहर नहीं निकल पाता था। दीदी कि बड़की बिटिया जब दो-ढाई साल कि हुई तब तक शैतानी उसकी शुरू हो चुकी थी, उसे शैतानी कम और नटखटपना अधिक कहा जाए तो ही ठीक रहेगा। इसी बीच पता नहीं कब मैं उसे अपना बेसबैट दिखा कर उसे बोल दिया कि बदमाशी करोगी तो इसी मोटा वाला डंडा से पिटाई लगेगी। मैं तो भला बोल दिया और वापस चेन्नई लौट आया, मगर घर में अब सभी उसे उसकी बदमाशी पर डराना शुरू कर दिए, "पछान्त! मोटा वाला डंडा लाना!!" मामा मुफ्त में बदनाम हुए। यूँ तो भैया का बेटा बहुत ही सीधा और बहुत ही अधिक नटखट है लेकिन इस बार मैंने देखा कि अगर उसकी कोई जिद्द पूरी ना हुई तो बस! सीधा जमीन पर 'ओंघराना' चालू। अब ठंढ के इस मौसम में उसे जमीन पर 'ओंघराने' से बेहतर उसकी जिद्द मान लेना लोगों ने भला समझा और यह देख कर वह उसे रामवाण!! फिर से मेरा वही नुस्खा काम आया, एक डंडा पास में रखना, जैसे ही ओंघराए वैसे ही वो डंडा दिखाना, फिर उसका मुंह बिसुराना, और जमीन से उठाकर मोटे से कालीन पर जाकर लेट जाना जिस पर ठंढ का कोई असर ना हो!! जिस दिन वह गया उसके अगले दिन सबसे पहले मैं वह डंडा अपनी नजर से दूर किया, बहुत याद दिलाता था उसकी!!
३ जनवरी की सुबह देर से उठा। अक्सर हर रोज अधिकतम साढ़े आठ से नौ के बीच उठ जाता था, बच्चे के जागने का समय सवा आठ से साढ़े आठ के बीच का होता था, और जैसे ही भक्क टूटे, बस वो, उसका सायकिल और उसके पीछे खाने का कटोरी लेकर भागती उसकी मम्मी! इसी धमाचौकड़ी में हर दिन नींद खुलती थी, अगर इससे नींद ना खुले तो बच्चा कमरे में आकर 'पापा-पापा...मोsss' करके डराने आ जाता। उसकी समझ में उसके 'मोssss' करके डराने से दुनिया के किसी भी शख्स का डरना जरूरी है, कम से कम अभी तक उसका यह विश्वास किसी ने नहीं तोड़ा। अब कोई इतने प्यार से डराए तो भला नींद कैसे ना टूटे? अगर वो डराने नहीं आया तो उसकी मम्मी/मेरी भाभी आकर मेरा कंबल जबरदस्ती खींच ले जाती थी। ३ जनवरी को जब बिस्तर छोड़ा तब तक साढ़े दस बज चुके थे, पापा-मम्मी मिलकर बच्चे से जुडी लगभग हर चीज कहीं ऐसी जगह ठिकाने लगा चुके थे जहाँ वह सुरक्षित भी रहे और नज़रों से दूर भी।
इस बच्चे के लिए आजकल हर कोई 'पापी' है। कभी "पापा पापी ऐ?" सवाल पूछता है, तो कभी "मम्मा पापी ऐ?" का सवाल! उसके इस पापी के अंतर्गत वो हर कोई आता है जिस पर यह पूरा हक जमाता है। जैसे डैडी, दादा, दादी, बुवा, हर कोई। जो कोई भी उसका अपना हो...बच्चा 'पानी' को 'पापी' बोलता है, और बहुत मासूमियत से "पापा पापी ऐ?" का सवाल आकर पूछता था। उस समय तो मैं उसे बोलता था, "तू पापी, तेरा पूरा खानदान पापी", मगर आज बहुत दिनों बाद फोन पर उससे यही सुनकर बहुत खुशी हुई। "पापा पापी ऐ"....
उसका 'उम्मा' भी गजब का था। 'उम्मा' मतलब 'चुम्मा'। अगर कोई चाहता है कि बच्चा खुद उसे 'उम्मा' करे तो उसके लिए बेहद आसान तरीका यह है कि उसका होंठ छू कर अपने होंठ पर सटा ले, बस इतना ही काफी है। उसे लगता है कि उसका 'उम्मा' अब उसके पास नहीं है, कोई और लेकर भाग गया, अब क्या है, वो पूरे घर में दौड़ेगा पीछे-पीछे, अपना 'उम्मा' वापस लेने के लिए, और तब तक पीछा नहीं छोडेगा जब तक की वो अपने होंठ से होंठ सटा ना ले! ये उसका 'उम्मा' वापस लेने का तरीका है। ये बात सिर्फ 'उम्मा' तक ही नहीं था, 'सू-सू' करके पैंट पहनने में बहुत नखरे करता था, एक बार मैं उसका 'सू-सू' 'कुवा'(कौवा) को दे दिया तब से तुरत अपना पैंट पहन कर बताता था, 'नई ऐ'। मतलब अब आप नहीं ले सकते हो। उसका मुंह, नाक, कान, सबका यही किस्सा। हर चीज को 'कुवा' से बचाता फिरता था। इधर घर आने पर मैंने बहुत बड़े-बड़े मूंछ बढ़ा रखे थे, जिस दिन उसे काटे उस दिन बहुत देर तक ढूँढता रहा, जब मैंने उसे बताया कि मेरा मूंछ 'कुवा' ले गया, तब बहुत खुश...कि पापा का मूंछ भी कुवा ले जा सकता है, अकेला मैं ही नहीं हूँ।
हर किसी बच्चे कि तरह वो हर किसी पर सिर्फ और सिर्फ अपना ही हक समझता है। उसकी दादी, मेरी मम्मी, की गोद में जब कभी सर रखूं तो झट से आ जाता। पहले प्यार से समझाता "नई पापा, नई!" अगर मैं नहीं मानता तो मुझसे कुश्ती होती उसकी, कभी हाथ पाकर कर खींचता, कभी आकर नखरे मारता। अंत में ब्रह्मास्त्र तो था ही उसके पास, एक बार भोमियाना शुरू हुआ नहीं की अब क्या मजाल कि कोई भी वहाँ बैठा रह सकता है?
जिस दिन मैं पटना आया था उस दिन उसके मन में बैठ गया था कि छोटे पापा उसके लिए 'बौल' ला रहे हैं। मैं इधर नहाने गया, और उधर वो मेरे सारे सामान को पलटने लगा। जब कहीं बौल नहीं मिला तो भोमियाने लगा। नहाने के बाद जब मैं वापस आया और उसे लेकर जब तक बाजार से बौल खरीद ना दिया, तब तक बच्चे को तसल्ली नहीं। पता नहीं इतने दिनों बाद भी देखकर पहचान कैसे गया था, या शायद अहसास हो गया होगा कि कोई अपना ही है, पता नहीं कैसे!! आज सुबह घर की साफ़-सफाई के समय फिर घर के किसी कोने से एक बौल निकलकर बाहर आ गया!!!!
उसे मौसी बोलना भी नहीं आता था। उसकी मौसी हमेशा 'तार'(कार) से आती थी, और 'तार' 'पों-पों' करता है, सो उसने अपनी मौसी का नाम ही 'पों-पों' रख दिया। बच्चे के दादा एक-दो बार उसके इस मौसी को 'पों-पों' बोलने पर नापसंदगी जाहिर कर चुके थे, सो बच्चा समझता था कि दादाजी गुस्सा हो जायेंगे। अब जैसे ही उसने अपनी मौसी को 'पों-पों' बोला और देखा कि किसी ने उसकी इस बात पर ध्यान दिया है कि तुरत पलट जाता था 'तार पों-पों, ऊ नई'!! और मैं भैया-भाभी को उलाहना देता कि बच्चे ने दुनियादारी का पहला सबक सीख लिया, झूठ बोलना!!
आज मुझे सुनाया कि उसका नाम 'छाछ्वत'(शाश्वत) है और उसके डैडी का नाम 'छुछमित'(सुस्मित) है!!!
लग रहा है जैसे घर भाँय भाँय कर रहा है। दिन भर घर में एक उत्पात जैसा मचाये रखने वाला लड़का!! भैया की शादी के समय वह लखनऊ में थे, और इधर शादी हुई और भैया का पोस्टिंग पटना हो गया। पापा-मम्मी भी खुश, भैया-भाभी भी खुश। देखते ही देखते साढ़े तीन साल भी निकल गए। एक बच्चा भी आ गया। पापा रिटायर भी इसी बीच हुए। मम्मी को दिन भर घर में अकेले रहने की आदत जो हो चुकी थी वह भी खत्म हो चुका था। अब कहीं भी जाओ, कोई ना कोई घर में रहता जरूर था। पापा-भैया दफ्तर गए तो मम्मी के लिए भाभी, और भाभी के लिए मम्मी। पापा रिटायर हुए तब तक बच्चे का आगमन घर में हो चुका था, सो दिन भर बच्चे के साथ लगे रहने में रिटायर होने कि तकलीफ से भी गुजरने का मौका नहीं मिला। दिन भी उड़ता ही चला गया। एक टिपिकल सास-बहु वाला तकरार पिछले तीन-साढ़े तीन साल में कभी नहीं हुआ। कुल मिलाकर एक आईडियल परिवार, जिसे देख कर जलने वाले भी खूब।
मूलधन से अधिक प्यारा सूद होता है – एक पुरानी कहावत।
मैंने बहुत सारी महिलाओं को झूठे आंसू बहाते देखा है। अधिकांशतः अपने रिश्तेदारों में ही। जो जैसे ही घर में घुसो नहीं कि बस्स!! लग गए टप-टप लोर चुवाने। घर से बाहर निकलो नहीं की फिर वही “आही रे बौवा!! जा रहल छी!!” और भोकार पार कर रोना चालू। और मुझे इससे सख्त नफरत है। थोड़ा मुंहफट भी हूँ, सो एक-दो बार टोक दिया ऐसा ही था तो उस समय वैसा क्यों बोल या कर रही थी, सो अब कम से कम मेरे सामने कोई झूठा लोर नहीं चुवाता है। पता नहीं यह जन्मजात गुण होता है या फिर सीखने वाली कला, कि जब चाहो तब आँख में आंसू भरकर रो लो!! लेकिन भाभी को मैंने देखा कार में चुपचाप अकेले में रोते हुए। बगल में सिर्फ मैं बैठा हुआ था, और वो झूठी कोशिश कर रही थी अपने आंसू छुपाने की। कोई दिखावटीपन नहीं, कोई आवाज भी नहीं, आवाज करने से कार के बंद सीसे में सभी सुन लेंगे शायद। मैंने भी कुछ टोका-टाकी नहीं किया। बस ये सोच रहा था कि कितनी बहु होती है जो अपने सास-ससुर के लिए रोती हैं? जवाब भी पता था कि जब बहु को बेटी जैसा प्यार मिले तो ऐसा हर घर में होगा।
सूद के अधिक प्यारे होने का कारण अब समझ में आ रहा है। अपने बच्चे के समय लोग दुनियादारी-कामकाज में उलझे रहते हैं। बच्चों से प्यार रहने के बावजूद उतना समय नहीं दे पाते हैं। ऊपर से कभी कभार बच्चों से सख्ती भी बरतनी पड़ती है, अनुशासन सीखाने के लिए। मगर पोते-पोती, नाती-नतिनी के समय लोग या तो रिटायर हो चुके होते हैं या फिर उसके करीब पहुंचे होते हैं। अब सारा समय उन्हीं बच्चों के साथ गुजरता है, लोग बाग शुरुवाती दिनों में उसी बच्चे में अपने बच्चे का बचपना ढूंढते हैं और बाद में बुरी तरह रम जाते हैं। अपने बच्चों से भी अधिक प्रेम भाव आ जाता है। ये मोह माया कि जकड़न बेहद बुरी होती है, ये जानते हुए भी लोग उसमें जकड़ते चले जाते हैं। बच्चा पैदा होता है तो माँ-बाप, बड़ा होने पर पति-पत्नी, कुछ दिनों बाद बच्चे, फिर नाती-नतिनी और पोते-पोतियां, और अगर उम्र फिर भी बाकी हो तो उनकी शादी के सपने भी संजोना। कोई तोड़ नहीं है इस माया जाल का।
ये तो बात रही बड़ों कि माया की! उस दो-ढाई साल के बच्चे की माया भी कम नहीं थी। सुबह उठते ही सबसे पहले उसे दादा चाहिए। उस समय अपने माँ-बाप की गोद भी नहीं सुहाती थी। उस समय बालकनी से दिखने वाले सभी कारों पर सिर्फ उसका और उसके दादा का ही आधिपत्य वह समझता था, उन कारों को देखने का अधिकार वह किसी और को कभी नहीं देता था। कुछ दिन पहले तक उसके लिए ‘तू’(टू) ही सबसे बड़ी संख्या थी, बाद में उसके शब्दकोष में कुछ और इजाफा हुआ, एक नया शब्द जुड़ा ‘बिग’!! पहले उसका अपना जो कुछ भी था वह ‘वन’ था, और वन बोलना उसे आता नहीं था। ऐसे में ‘तू नई’ या फिर अपनी छोटी सी तर्जनी दिखाना भर ही उसके लिए वह होता था। अब नए नए शब्द सीखने के बाद उसके पास जो कुछ भी है वह ‘बिग’ है। अपने दादा ‘बिग दादा’, अपनी दादी ‘बिग दादी’, अपनी नानी 'बिग नानी', अपने नाना 'बिग नाना', अपने छोटे पापा ‘बिग पापा’, अपना सायकिल ‘बिग सायकिल’!! बाकी दुनिया ‘टू’! माने 'स्माल'!! अब तक वो ‘तू’ से ‘टू’ तक का सफर भी तय कर चुका था। और हर ‘बिग’ पर उसका एकाधिकार था। उसके जाने वाले दिन ही एक नया शब्द उससे सुना ‘ईरी’ माने थ्री।
“आत नई ऐ”, “आत आ गया”। यह उसका नया खेल था। ठंढ के इस मौसम में जब कभी वो कंबल के भीतर घुसा होता था तब अपने हाथ हो कंबल के भीतर घुसा कर यह खेल खेलता रहता था। भोली सी मुस्कान, चेहरे पर शरारत, और तोतली बोली, ऊपर से यह खेल। भैया ही सिखाएं हैं उसे ये सब। मुझे याद है, बचपन मए ठंढ के मौसम में भैया और मैं तक़रीबन ऐसा ही खेल खेला करते थे, सोने से पहले कम से कम आधे घंटे के लिए तो जरूर। उस खेल का नाम था “भूत-भूत”, इस खेल के नियम का पहला नियम यह कि कोई नियम नहीं। अचानक दोनों में से कोई भी एक बोलता “भूत आ गया” और दोनों ही रजाई के भीतर सर छिपा लेते, फिर कोई भी एक बोलता “भूत चला गया” और दोनों ही रजाई से अपना चेहरा धीरे से बाहर निकाल लेते। ‘बौवा’ ने भी पहले अपने डैडी से यही खेल सिखा और उसके लिए उस खेल का नाम “भाकौंवा-भाकौंवा” था, बाद में उसने खुद ही “आत नई ऐ” नाम का खेल इजाद कर लिया।
हमारे घर के हर कमरे में दो सफ़ेद रौशनी देने वाला बल्ब लगा हुआ है और कहीं कहीं ट्यूबलाईट भी। मगर दो बल्ब तो जरूर से जरूर है। अब ऐसे में अगर किसी कमरे में सिर्फ एक बत्ती जल रही हो तो बच्चा आकर परेशान-परेशान कर देता "तू आईत!! तू आईत" की रट लगा देता, और जब तक उसका "तू आईत" नहीं जलता तब तक "तू आईत!! तू आईत!!" रटता रहता।
जब कभी मैं ‘लाई’ (भूजे हुए चूड़े, या मुरही जैसी चीजों को गुड के साथ मिलाकर बनाया गया लड्डू जैसा खाद्य पदार्थ) खाने के लिए जाता था तब बच्चा मेरे पीछे भाग कर आता था ‘आई’ मांगने। मैं पूछता कौन सा लाई, ‘ऐ वाला’ मुरही वाले के तरफ दिखा कर बोलता था। ‘वन’ चाहिए या ‘टू’ (सनद रहे वो हर बात पर टू बोलता है), वो अपनी तर्जनी उठा कर ‘वन’ दिखाता था, उसे ‘वन’ बोलना नहीं आता ना!! मैं उसे बोलता कि मुंह से बोलो तब दूँगा, फिर वह बोलता ‘टू नई’, मतलब वन!! “बिग चाहिए या स्माल?” अब जबकि उसे हर चीज ‘बिग’ चाहिए होती थी, मगर अभी वो बोलता ‘बिग नई’! क्योंकि ‘बिग’ वाला लाई वो खा नहीं पाता था।
हमारी माया तो वो था मगर उसकी माया उसके खिलौने ही तो थे। अधिकाँश खिलौने भैया के जाने वाले सामान के साथ बंधवा दिए थे। कुछ बाक़ी थे, जिसमें से कुछ या तो जाने के हालत में नहीं थे, या फिर सामान के यहाँ से जाने के बाद ख़रीदे गए थे, या फिर मैंने रुकवा लिए थे कि पन्द्रह दिन कैसे रहेगा यह यहाँ इनके बिना – वहाँ जाकर नया ले लेगा। इसमें उसकी सबसे प्यारा तीन पहिये वाली सायकिल, जिसे वह किसी को नहीं, अपने दादा अथवा डैडी को भी नहीं, छूने देता था और दिन भर उस सायकिल पर ‘पीं...पीं...’ की आवाज मुंह से निकालते हुए दौड़ता था। अगर बदमाशी कर रहा हो, या उसका ध्यान कहीं और भटकाना हो तो बस इतना ही कह दो कि कोई उस सायकिल पर बैठ रहा है या छू भी रहा है तो बस्स!!! सब कुछ छोड़ कर अपने सायकिल की सुरक्षा में लग गया। उस दिन मेरे भतीजे प्रेम कि वाह-वाही हो रही थी, मगर अब घर भर में मुझे कोसा जा रहा है। जब जब किसी को वह सायकिल नजर आती है, एक बार मुझे मन भर कोस लिया जाता है!! "यही लड़का के कारण सायकिल यहाँ है, इसे देख कर याद अधिक आती है!!"
फिलहाल तो उसकी सब माया धरी रह गई सी लगती है, और वो अहमदनगर पहुँच चुका है, कुछ नया सीखने, नयी दुनिया से परिचय लेने!!
पापा-मम्मी के लिए लिए तो फिलहाल वही बच्चा सबसे बड़ी माया था!!!!! आज शाम में एक कार नीचे में बैक कर रहा था, उससे निकलने वाली आवाज सुन कर बच्चा दौड कर खिडकी के पास जाकर अपने अंगूठे और तर्जनी को उसकी आवाज पर सिंक्रोनाइज करके “तार पों पों..पों पों” बोलता था, लगा जैसे कि बच्चा उधर ही कहीं खिडकी से झाँक रहा है!! जिस दिन वो गया उस दिन रात में पहली बार पापा को रोते देखा। २ जनवरी २०११!!!
ऊपर तस्वीर में पटना एअरपोर्ट पर पापा के साथ भैया-भाभी और बच्चा। बच्चा भी समझ गया है कि कुछ गडबड है, सो सहमा हुआ चुपचाप मुरझाया सा चेहरा लेकर गोद में बैठा हुआ है!!
भैया का बेटा.. उम्र दो वर्ष, तीन माह.. मुझे छोटे पापा बोलने कि कोशिश में मात्र पापा ही बोल पाता है, छोटे पापा शब्द उसके लिए कुछ अधिक ही बड़ा है.. इस गधे को, अजी बुरा ना माने मैं अक्सरहां प्यार से गधा-गधी बुलाता ही रहता हूं, अपने छोटे पापा उर्फ़ पापा से बहुत परेशानी है.. परेशानी कि हद भी बिलकुल हद्द तक है.. अब देखिये इसकी परेशानी -
१. पापा बैठे हैं तो भला बैठे क्यों हैं? (मैं कहाँ बैठूँगा? जी हाँ, जहाँ मैं बैठूँगा उसे उसी वक्त वहीं बैठना होता है..) २. पापा खड़े हैं तो भला खड़े क्यों हैं? (अब पापा जहाँ खड़े हैं वहीं मैं भी खड़ा रहूँगा.. पापा को हटाओ वहाँ से..) ३. पापा घूम रहे हैं तो घुमते क्यों हैं? (पापा नहीं घूमेंगे, मैं घूमूँगा..) ४. पापा खाना क्यों खा रहे हैं? (पापा घर का सारा खाना खा लेंगे.. उन्हें खाने के लिए कुछ मत दो..) ५. पापा पानी क्यों पी रहे हैं? (पापा सारा पानी पी जायेंगे, तो मैं क्या पियूँगा? उन्हें मत दो पानी पीने के लिए..)
मुझे तो इसी बात का संतोष है कि चलो इसे कम से कम अभी ये तो पता नहीं है कि पापा सांस भी लेते हैं.. नहीं तो इसे आपत्ती होगी कि पापा सारा हवा खतम कर देंगे.. फिर मैं कैसे सांस लूँगा?
नखरे इतने हैं इस लड़के के कि मत पूछो.. ऐसे दादी के पास नहीं जाएगा, क्योंकि दादी गोद में लेकर घुमाती नहीं है.. लेकिन अगर इसके छोटे पापा इसकी दादी के पास जाकर बैठ जायेंगे तो इसके तन-बदन में आग लग जाती है.. "पापा पप्प.. केछू आं!! पापा पप्प.. केछू आं!! पापा नै, केछू आं!!(पापा को भप्प कर दिया, और केशू बैठेगा वहाँ.. पापा नहीं, केशू हाँ!!)"
कैसे केशू अपने पापा को 'पप्प' करता है उसका एक नमूना इस वीडियो में आप देख सकते हैं.. कभी कभी बेचारा शरमा शरमा कर भी 'पप्प' करता है..
उसके पापा और उसके बीच के वार्तालाप का एक हिस्सा आप को पेश करता हूं.. सीन 1 : - केशू, पता है तुमको? - आं!! - अरे, ये तो पापा को भी नहीं पता है.. तुमको क्या पता है? - आं!!
सीन 2 : - केशू, पता नहीं तुमको? - नई.. - पापा को भी नई पता है बेटा!!(उदास वाला शक्ल बना कर) - नई.. ऊंहेंहेंहें..(ठुनकना चालू, कि पापा बताओ)
सीन 3 : भोरे भोरे, जब केशू का उन्घी भी नहीं टूटा रहता है, भाकुवाया रहता है, तब उसे कार दिखा कर बहलाया जाता है.. पड़ोस के घर में खड़े कार.. तू तार(टू कार).. अगर आपको वो किस्सा होगा तो आप भी इस 'टू' का रहस्य जान जायेंगे.. अगर नहीं जानते हैं तो इस पन्ने से घूम आयें.. तो मुआमला आज भोरे का ही है.. आज भोरे टू कार नहीं, फोर कार लगी हुई थी.. अब केशू को पापा के साथ कार नहीं देखनी थी.. उसे तो दादा के साथ देखनी थी कारें.. - हम भी देखेंगे फोर कार..(केशू के पापा कि आवाज).. - नई.. - आं.. पापा आं, केशू नई!! - ऊंहेंहेंहें... - अच्छा, पापा नई देखेंगे फोर कार.. केशू देखेगा.. अभी भी हम तीन बालकनी में खड़े हैं.. कार कि ओर तीनों ही देख रहे हैं.. मगर कार सिर्फ केशू और उसके दादा ही देख रहे हैं.. उसके पापा नहीं.. उसे डर है कि पापा कहीं सारे कार को देखकर खतम ना कर दें..
सीन 4 : आज केशू अपने खिलौना गिटार पर सू-सू कर दिया.. उसके पैंट में उसका सू-सू लगा हुआ है उसकी चिंता नहीं.. मगर पहले उसके गिटार को पहले साफ़ करो.. सू-सू करने के बाद उसकी एक समस्या और भी रहती है.. कहीं उसके पैंट बदलने के बीच में उसका छू-छू उसके पापा कुवा(कौवा) को ना दे दें..
चलिए, इस अलिफलैला के किस्से और भी हैं सुनाने को.. अभी तो हम सुनते ही रहेंगे इन किस्सों को.. :)
प्रश्न : केछू के पास कितना हाथ है? उत्तर : टू! प्रश्न : केछू के पास कितना पैर है? उत्तर : टू! प्रश्न : केछू के नाक में कितना छेद है? उत्तर : टू! प्रश्न : केछू के कितने आईज हैं? उत्तर : टू! प्रश्न : केछू कि कितनी दीदी है? उत्तर : टू! प्रश्न : केछू के पास कितने कान हैं? उत्तर : टू!
ये तो सामान्य ज्ञान कि बातें थी.. अब जरा केशू से गणित के सवाल पूछ कर देखा जाए..
प्रश्न : एक और एक कितने होते हैं? उत्तर : टू! प्रश्न : टू इन टू वन कितना होता है? उत्तर : टू! प्रश्न : फोर बाई टू कितना होता है? उत्तर : टू! प्रश्न : थ्री माइनस वन कितना होता है? उत्तर : टू!
तो देखा आपने, केशू दो साल कि उमर में ही कितना होशियार हो गया है? सारे सवाल के सही जवाब.. हो सकता है कि आपके पास अपने भविष्य के लिए कोई प्लान ना हो, मगर इसने पूरी प्लानिंग कर रखी है अभी से ही.. चलिए अब इससे उस पर सवाल पूछते हैं..
प्रश्न : केछू कितनी शादी करेगा? उत्तर : टू! प्रश्न : केछू के कितने बच्चे होंगे? उत्तर : टू! प्रश्न : केछू कितना कार खरीदेगा? उत्तर : टू!
फोटो में - केशू. एक मिठाई खाने के बाद टू वाला मिठाई खाने जा रहा है.. :)
और हाँ, एक बात तो बताना ही भूल गया.. केशू अभी बच्चा है, सो ज्यादा कोमप्लिकेटेड सवाल पूछ कर उसे कन्फूजियायियेगा मत.. :) वो तो बात ये है कि केशू इतना ईमानदार है कि अपना जवाब कभी भी नहीं बदलता है.. केशू हमेशा सही उत्तर देता है, बस सवाल पूछने वाला समझदार होना चाहिए.. :) ==========================================
एक सिनेमा का एक दृश्य याद आ रहा है.. कादर खान(शायद वही थे) एक बकरी को दिखा कर बोल रहा था कि ये बकरी बोलती है.. कुछ सवाल भी उसने बकरी से पूछा जिसका सही जवाब मिला.. मसलन :
प्रश्न(बकरी से) : यहाँ बकरी कौन है? उत्तर : मेएएए!!! प्रश्न : अप्रैल के बाद कौन महीना आता है? उत्तर : मेएएए!!! :)
अभी दो-चार दिन पहले कि ही बात है.. एक Time Management Training Program में अचानक से पूछा गया, "Who is your idol? किसी और के कुछ कहने से पहले ही मेरे मुह से यंत्रवत निकल गया "My Dad." मुझे फिर अगला सवाल पूछा गया, "Why? You got lots of money from him, that's why?" मेरा कहना था, "Not lots of money. But yes, sufficient amount of money which helped me to start my life." अगला सवाल था, "Your dad is your idol only because of money, right?" मैंने कहा, "I strongly oppose to you. He is my idol because he completed his all responsibility towards his family and society perfectly. I can say that he is very good human being." आज कि यह पोस्ट एक साल पहले लिखी हुई है, आज इसी को रीठेल किये जा रहा हूँ.. :)
आज पापा जी कि याद बहुत आ रही है.. हर वे बातें याद आ रही हैं जो मैंने उनके साथ गुजारी थी.. इन यादों से मेरा एक अजीब रिश्ता बन चुका है, ये कभी भी मेरा पीछा नहीं छोड़ती हैं.. कोई भी ऐसी बात मैं भूल पाने में हमेशा खुद को असमर्थ पाता हूं, जिसे मैंने थोड़ी भी भावुकता के साथ जीया है.. वहीं कुछ काम की बातें हो तो उसे मैंने याद ही कब रखा है, मुझे यह भी याद नहीं नहीं है.. :)
जब से दक्षिण भारत में रहने को आया हूं, तब से घर छः महिने से पहले नहीं जा पाया हूं.. और यह अंतराल इतना अधिक हो जाया करता है, कि जब घर पहूंचता हूं तो पापा जी के चेहरे पर कुछ नई झुर्रीयां देखता हूं.. मन को बहुत तकलीफ होती है, लगता है जैसे पापा जी अब बूढ़े हो रहे हैं और धीरे-धीरे असक्त भी होते जा रहे होंगे.. इतनी समझ तो है ही मुझमें कि यह मनुष्य के जीवन का एक चक्र मात्र है.. कुछ वर्षों के बाद यह चक्र मुझे भी दोहराना है.. शायद कभी मैं भी बूढ़ा होउंगा, यह प्रश्न मुझे कभी परेशान नहीं करता है जितना पापा-मम्मी के चेहरे पर आती झुर्रियां.. सोचता हूं कि काश मैं ययाति वाले कथा को दुहरा पाता?
जब छोटा था तब पारिवारिक दायित्व बहुत अधिक होने के चलते मम्मी को हमेशा गुस्से में देखता था और हममें से कोई भी भाई-बहन उनके पास जाने से कतराता था.. उस समय पापा कि गोद हमारे लिये सबसे सुरक्षित जगह हुआ करती थी.. घर में सबसे छोटा होने का फायदा भी मैंने जम कर उठाया, और पापा कि गोद में 15-16 साल कि उम्र तक खेला हूं.. घर का सबसे बड़ा नालायक, सबसे ज्यादा गुस्सैल भी और पढ़ाई-लिखाई भी साढ़े बाईस.. और ऐसे में भी पापा जी का भरपूर प्यार मिलना, बिना किसी डांट-पिटाई के.. मम्मी पापा जी को अक्सर कहती थी, "यह अगर बड़ा होकर बिगड़ गया तो सारा दोष आपका ही होगा.." तो वहीं पापा जी भी झटक कर कह देते थे कि "अगर यह बड़ा होकर सुधरा तो सारा श्रेय भी मेरा ही होगा".. आज के परिदृश्य में वे लोग मुझे बिगड़ा हुआ मानते हैं या सुधरा हुआ यह तो वही बता सकते हैं.. मगर मैं अपनी नजर में अभी तक सुधरा हुआ तो बिलकुल भी नहीं हूं.. एक बेटे के बड़े होने के बाद वह अपने पापा मम्मी को जो भी सुख दे सकता है वो तो अभी तक उन्हें मुझसे तो नहीं मिला है..
चित्र में पापा, मम्मी, भैया और मेरा पुतरू(भैया का बेटा)..
छुटपन के बारे में याद करने कि कोशिश करता हूं तो एक प्लास्टिक का बैट और बॉल याद आता है, जिसे पापा जी नीचे से गुड़का कर(लुढ़का कर) फेकते थे और मैं उसे मारता था.. एक रेलगाड़ी भी याद आती है जिसमें प्लास्टिक कि रस्सी बंधी होती थी और उसे पकड़ कर खींचने पर शोर करती थी, जिसे कई बार पापा जी मेरा हाथ पकड़ कर खींचते थे.. एक कैरम बोर्ड याद आता है, जिसका स्ट्राईकर पकड़ना भी पापा जी से ही सीखा था कैरम के सभी नियमों के साथ और बाद में उसी कैरम को खेलते हुये मैं और भैया अपने गली-मुहल्ले के चैंपियन बन गये थे.. बैडमिंटन का वो छोटा वाला प्लास्टिक का रैकेट भी याद आता है जिसे खेलना भी पापा जी ने ही सिखाया था.. ये सभी यादे छः साल कि उम्र या उससे पहले की हैं..
थोड़े बड़े होने पर भी पापा जी के साथ क्रिकेट खेलने जाते थे और पापा जी हमेशा थ्रो बॉल फेंकते थे.. बिलकुल ऐसे जैसे पत्थर फेंक रहे हों.. पता नहीं ऐसे ही कितनी बातों का थ्रो पत्थर मैंने उनपर कितनी बार फेका है, उन पत्थरों से कितनी चोट भी पहूंचायी है.. फिर भी कभी इसका अहसास नहीं होने दिया उन्होंने मुझे..
एक बार किसी पर्सनैलिटी डेवेलपमेंट ट्रेनिंग में मुझसे कहा गया था कि 1 मिनट आंखें बंद करके उस क्षण को सोचो जब तुम्हें सबसे ज्यादा खुशी मिली हो.. मैंने आंखें बंद की और 1 मिनट ईमानदारी से सोचने के बाद मैंने पाया कि मेरे लिये वह क्षण सबसे ज्यादा खुशी का क्षण होता है जब घर पहूंचकर पापा जी का पैर छूने कि कोशिश करता हूँ मगर उससे पहले ही पापा जी मुझे सीने से लगा लेते हैं..
जब पापा जी के पके हुये बालों को और उनके चेहरे की झुर्रियों को देखकर मैं उन्हें चिढ़ाता हूं कि पापा जी अब बुढ़ा गये हैं तो उनका कहना होता है कि अब तो सठिया भी गये हैं.. आखिर दादा-नाना तो बन ही चुके हैं.. अगर आज के संदर्भ में देखा जाये तो मैं उनपर आश्रित नहीं हूं, और अगर शारीरिक सक्षमता कि बात आती है तो उनसे ज्यादा ही सक्षम हूं.. मगर फिर भी जब वे साथ होते हैं तो ना जाने एक अजीब सी हिम्मत बंध जाती है, की पापा जी मेरे साथ है तो सारी दुनिया भी मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती है..
ऐसा क्यों होता है यह मुझे नहीं पता है, मगर मैं चलते-चलते यह जरूर कहना चाहूंगा कि मेरे पापा जी मेरे जीवन में मेरे एकमात्र हीरो हैं.. मैं हमेशा सोचता हूं कि काश कभी मैं अपने पापा जैसा आदर्शवादी और कर्मठ इंसान बन पाऊं..
यह विडियो पिछले साल 2009 22 अप्रैल, पापा-मम्मी कि शादी कि 32वीं सालगिरह की है..
पिछले कुछ दिनों से भैया से बात नहीं हुई है.. अधिकांशतः भाभी से ही बात करके फोन रख देता हूं.. कल रात सपने में भैया को देखा.. क्या देखा यह कुछ ठीक से याद नहीं है, मगर उसमें उन बचपन के दिनों की झलक थी जो कहीं मन के सूदूर कोने में जड़ जमाये बैठी है.. सुबह नींद सात बजे ही खुल गई, जबकी मैं अमूमन नौ बजे बिस्तर छोड़ता हूं.. मैंने आज भी बिस्तर नौ बजे ही छोड़ा मगर जब तक लेटा रहा तब तक भैया के बारे में ही सोचता रहा.. कुछ बचपन की बातें तो कुछ किसोरावस्था की यादें..
एक-एक करके कई सीन नजर के सामने से यूं गुजर रहे थे जैसे कोई पैरेलल सिनेमा देख रहा हूं.. अमोल पालेकर वाला.. भकुवाया हुआ सा मन था और मैं अपने सर पर तकिया दबाये उस सिनेमा का नजारा देख रहा था जो मेरे दिल के बहुत पास है..
भैया को लेकर मुझे जो सबसे पुरानी याद है वो सीतामढ़ी की है.. मैं शायद दो-तीन साल से ज्यादा का नहीं रहा होऊंगा और भैया चार-पांच साल के.. भैया उस दिन स्कूल नहीं जाने की जिद में थे और मम्मी उन्हें घर के बाहर वाली चौकी पर बिठा कर अंदर से किवाड़ बंद करके अपना काम करने चली गई थी.. भैया बाहर बहुत देर तक रोते रहे फिर चुप होने के बाद मुझे खिड़की से झांककर किवाड़ खोलने को बोल रहे थे.. मैंने कोशिश की मगर खोल नहीं पाया था.. फिर क्या हुआ, मुझे याद नहीं.. भैया के स्कूल का नाम "आदर्श ज्ञान केन्द्र" था..
भैया की तस्वीर
कुछ यादें जो कभी भी नहीं भूल सकता हूं.. शायद सन् 1988 या 1989 के जाड़े की रातों में रजाई के अंदर घुस कर भूत-भूत खेलना.. हमारा कमरा, बिस्तर और यहां तक की रजाई भी एक ही हुआ करती थी.. सोने के समय जब अंधेरा हो जाया करता था तब हम दोनों में से कोई अचानक बोलता "भूत आया.." और दोनों रजाई के अंदर घुस जाते.. मिनट भर अंदर रहने के बाद कोई एक बाहर झांक कर देखता और बोलता कि भूत चला गया, और दूसरा भी उसके बातों पर भरोसा करके बाहर निकल आता.. फिर थोड़ी देर बाद कोई बोलता भूत आया, और यह तब तक चलता रहता जब तक हम सो ना जायें.. :)
जाने ऐसी कितनी ही आधी-अधूरी यादें आ रही थी.. जैसे भैया को कैरम बोर्ड में लगातार दो-तीन दिनों तक हराना जिसे मैं आज भी किसी उपलब्धि से कम नहीं मानता हूं.. कारण, भैया मेरे अलवा शायद ही किसी और से कैरम में हारे हों.. कभी-कभी मुझे लगता था कि उन दिनों भैया मेरे साथ कैरम खेलने से दरते भी थे.. अब कितना सच है इसमें ये तो भैया ही बतायेंगे.. उनके साथ बैडमिंटन में हर बार हारना फिर भी अगले मैच के लिये भैया से जिद करना..
यूं तो भैया मुझसे दो साल बड़े हैं मगर बचपन से ही मैं कुछ लम्बा होने के कारण हम दोनों भाई की लम्बाई लगभग बराबर ही रहा करती थी.. हम दोनों भाई आपस में खूब मार-पीट भी करते थे.. मगर मुझे वैसी चीजें भी याद है कि जब कभी भैया के साथ कहीं बाहर जाता था तब मन में हौशला होता था कि भैया मेरे साथ हैं तो डरना क्या, भैया सभी को देख लेंगे.. एक दो ऐसी घटना भी याद है जब भैया ने मेरे लिये दूसरों से मारपीट भी कीये थे और दूसरों से पिट कर भी आये थे.. जैसे स्कूल बस में दसवीं कक्षा के एक लड़के के साथ(भैया उस समय आठवीं में थे)..
मैं उन दिनों को भी याद करता हूं जब मैं पढ़ने में बिलकुल फिसड्डी था और लगभग हर परिक्षा में एक-एक करके असफल होता जा रहा था.. उस समय कई बार मुझे यह अहसास हुआ था कि पापा-मम्मी से ज्यादा इस बात कि चिंता भैया को होती थी..
आठ अगस्त को जब भैया और पापा मुझे छोड़ने के लिये स्टेशन आये थे तब मैंने भैया को कहा, "जब कभी आपके बारे में सोचता हूं तो मुझे बस दो ही बातें याद आती हैं.. पहली बात, कैसे हम दोनों आपस में मारपीट करते थे.. दूसरी बात, कैसे आप मेरे लिये दूसरों से मारपीट करते थे.."
मैं मंदिर नहीं जाता हूं, ना ही किसी पूजा में शरीक होता हूं.. मगर फिर भी राधा-कृष्ण की बातें जहां कहीं संगीतमय हो जाया करती है वहां मेरे लिये बस आनंदम ही आनंदम.. चाहे बात किसी राधा-कृष्ण कि अवधी भाषा में लिखी गई कव्वालिया हों या फिर दोहे या फिर भजन या फिर बंबईया सिनेमाओं के गीत.. मुझे वह अपने आप अपनी ओर खींचता सा महसूस होता है.. आप ये भी नहीं कह सकते हैं कि ये घर और आस-पास के परिवेश में बड़े होने के कारण हुआ है, क्योंकि तकरीबन कुछ-कुछ वैसा ही खिंचाव खुदा के दरबार में गाये गये कल्ट कव्वालियों को भी लेकर होता है.. अगर सही-सही बोलूं तो ठीक ऐसा ही दिवानापन मुझे रामायण की कथा और प्रेम या विरह रस में डूबी शानदार कवितायें और माईकल जैक्सन के गीतों में भी महसूस होता है..
आज कल चूंकि जन्माष्टमी का जोर भी है और भैया का बेटा जन्माष्टमी के दिन ही आज से एक साल पहले पैदा हुआ था, सो मन में जाने क्या आया और अंतर्जाल पर कृष्ण से संबंधित चीजें ढ़ूंढ़ने निकल पड़ा.. एक-दो गीत ऐसे मिले जिसने मुझे नौस्टैल्जिक कर दिया.. उन दिनों कि याद दिला दी जब घर के पास वाले किसी मंदिर से सुबह-सुबह चार बजे हम अपनी नींद तोड़ कर सुना करते थे और उसे बजाने वाले पंडे-पुजारियों को गरियाया करते थे.. पहला गीत कुछ ये है..
आरती कुंजबिहारी की, श्री गिरिधर कृष्णमुरारी की ॥
गले में बैजंती माला, बजावै मुरली मधुर बाला । श्रवण में कुण्डल झलकाला, नंद के आनंद नंदलाला । गगन सम अंग कांति काली, राधिका चमक रही आली । लतन में ठाढ़े बनमाली; भ्रमर सी अलक, कस्तूरी तिलक, चंद्र सी झलक; ललित छवि श्यामा प्यारी की ॥
पूरा गीत पढ़ने और सुनने के लिये आप इस लिंक पर जा सकते हैं.. गीत हिंदी और आंग्ल, दोनों ही भाषा में लिखा हुआ है और मुझे यह चिट्ठा कभी किसी भी अग्रीगेटर पर नहीं मिला था.. शायद यह ठीक ही कहा गया है कि "सितारों से आगे जहां और भी है.." दूसरा गीत जिसे सुनकर मैं नौस्टैल्जिक हो उठा उसके किस्से भी सुबह उठकर पंडे-पुजारियों को गरियाने पर ही खत्म हुआ करते थे.. वह गीत ये रहा..
श्याम चूड़ी बेचने आया
मनिहारी का भेष बनाया श्याम चूड़ी बेचने आया छलिया का भेष बनाया श्याम चूड़ी बेचने आया छलिया का भेष बनाया श्याम चूड़ी बेचने आया
गलियों में शोर मचाया श्याम चूड़ी बेचने आया छलिया का भेष बनाया श्याम चूड़ी बेचने आया
इसे भी पूरा पढ़ने-सुनने के लिये आपको इस लिंक पर जाना होगा, आखिर जहां से मैंने यह सब उठाया है, वह भी तो कभी उतनी ही मेहनत किये होंगे इन गीतों को संजोने के लिये..
हिंदी सिनेमा कि बात करें तो, "मदर इंडिया" के एक गीत को मैं सबसे ऊपर रखूंगा.. जो अक्सर पाला बदल-बदल कर अक्सर मेरा रिंग टोन हो जाया करता है.. वह गीत है -
होरी आई रे कन्हाई रंग छलके, सुना दे जरा बांसुरी..
बरसे गुलाल-रंग मोरे अंगनवा, अपने ही रंग में रंग दे मोहे सजनवा.. मोहे भाये ना हरजाई रंग हल्के, सुना दे जरा बांसुरी..(पूरी तरह यादाश्त पर आधारित, सो त्रुटी होने कि पूरी गुंजाईश है..)
अगले गीत के बारे में अगर बात करें तो "जॉनी मेरा नाम" सिनेमा का गीत "मोसे मेरा श्याम रूठा" गीत के बारे में जरूर कहूंगा जो मुझे बहुत ज्यादा पसंद है.. एक झलक उसकी भी आपको दिखाये चलता हूं और यह झलक भी पूरी तरह से यादाश्त पर आधारित है..
जय जय श्याम, राधे-श्याम राधे-श्याम, राधे-श्याम.. ए री हो... मोसे मोरा श्याम रूठा, काहे मोरा भाग फूटा, काहे मैंने पाप ढोये, असुवन बीज बोये..
छुप-छुप मीर रोये, दर्द ना जाने कोये..
वैसे अगर सिर्फ होली की ही बात की जाये तो हिन्दी सिनेमा में अनेको गीत निकल आयेंगे, मगर उनमें से अधिकतर चलताउ गीत मुझे सिर्फ होली के समय ही अच्छे लगते हैं.. जो भंग के रंग के साथ फीके नहीं पड़ते हैं..
बस अभी-अभी मुझे रविश जी के ब्लौग पर एक तहसीन मुनव्वर जी कि लिखी हुई कुछ पंक्तिया मिली है, सो उन्हें मैं कैसे ना बांटू? यह भी आधे-अधूरे रूप में आपके सामने है.. पूरा पढ़ना चाहते हैं तो आप रविश जी के चिट्ठे पर ही जायें.. और अगर आपको पसंद आये तो यही गुजारिश है कि वह कमेंट आप उनके हिस्से में ही दे आयें..
चलो चलते हैं मथुरा में किसन की रास देखेंगे किसन की बांसुरी से जागता अहसास देखेंगे
कभी बांके बिहारी को कभी राधा को देखेंगे कभी मीरा की आंखों में मिलन की प्यास देखेंगे
कन्हैया लाल की भक्ति की रस में डूब जायेंगे सुबह से शाम तक श्यामल की हम अरदास देखेंगे
वैसे तो गीत संगीत तो इतने हैं कि उस पर एक क्या हजारों ब्लौग लिखे जा सकते हैं और लिखे जा भी रहे हैं.. ========================================
अब कुछ बातें अपने किशन-कन्हैया, बाल-गोपाल के बारे में में भी करते जाता हूं.. अभी पिछले लगभग तीन सालों में मैं जब भी घर वापस आने को चलता हूं तो तो कुछ पीछे छूटने जैसा महसूस होने का अहसास खत्म सा होता जा रहा था.. अक्सर अब ऐसा होने लगा था जैसे कि जाना है तो मोह कैसा.. इन बातों से एक अलग तरह का अज्ञात भय सा भी होने लगा था.. मगर वह अहसास इसने फिर से जगा दिया.. अबकी जब घर से निकल रहा था तब आने का मन नहीं कर रहा था.. उसकी अनेकानेक लीलायें देखने के बाद अब उसकी रास लीलायें भी देखने का मन करने लगा है.. :)
सोच सोच कर आह्लादित होता हूं कि किसी दिन वह अपनी मम्मी को अपनी गर्ल फ्रेंड के बारे में बतायेगा और भाभी उसकी बाते आंखें गोल गोल करके आश्चर्य से सुनेगी और सोचेगी कि कैसे यह इतनी जल्दी बड़ा हो गया? अभी भी बहुत कुछ है लिखने के लिये, मगर मेरा एक मित्र बहुत देर से गाली दे रहा है कि टी.टी.खेलने चलो.. आज मैंने अपना काम जल्दी खत्म किया और ब्लौग लिखने बैठ गया, और वह अभी अपना काम खत्म किया और मुझे गालियां देने बैठ गया.... :D
11 मार्च को होली थी, और मुझे यह भी याद था की कल यानी 12 मार्च को लवली का जन्मदिन है.. नहीं-नहीं मुझे उस समय सिर्फ इतना ही याद था की कल लवली का जन्मदिन है.. क्योंकि अगले दिन भी मेरे दिमाग में बस इतना ही घूम रहा था की कल लवली का जन्मदिन है(मुझे अभी समझ में नहीं आ रहा है की मैं यहां मुस्कुराता हुआ स्माईली बनाऊं या उदास वाला सो दोनों ही डाल देता हूं.. ":)" ":(")
वृहस्पतिवार मेरे लिये इस साल का सबसे व्यस्ततम दिनों में से एक रहा.. दम मारने की भी फुरसत नहीं, ऊपर से मन में यह बात थी की लवली का जन्मदिन कल है.. रात लगभग 10 बजे लवली का मैसेज आया, "भैया क्या कर रहे हैं?" मैंने जवाब मैसेज से ही दिया, "काम कर रहा हूं.. आज बहुत काम है.." फिर से उधर से उसका मैसेज आया, "खाना खाये?" मैंने कहा, "नहीं.. घर जाकर खाऊंगा.." उस समय मैं बहुत तन्मयता से एक टेस्ट केस का रीव्यू कर रहा था.. अबकी बार उसका मैसेज आया, "12 बजे से पहले आपका काम खत्म हो जायेगा? वो क्या है कि आज किसी ने मुझे जन्मदिन पर आशीर्वाद नहीं दिया.."
अब जाकर मुझे याद आया कि मैं कल से कल पर ही अटका हुआ हूं मगर वह कल तो आज बन चुका है और जल्दी ही फिर से कल बनने वाला है.. मैं अपने जिस सहकर्मी के काम का रीव्यू कर रहा था उससे पांच मिनट का समय मांगा और डरते हुये फोन किया की लवली बहुत गुस्सा हो रही होगी.. मगर वह गुस्सा बिलकुल नहीं थी और बहुत बेसब्री से अपने भैया के फोन का इंतजार कर रही थी..
वैसे तो उसका जन्मदिन बीते 2 दिन हो चुके हैं मगर फिर भी मैं उसे इस पोस्ट के माध्यम से ढ़ेर सारे प्यार और आशीर्वाद के साथ अनेकानेक शुभकामनायें देता हूं.. :) आप भी चलते-चलते उसे बधाईयां देना ना भूलें.. उसके ब्लौग का पता यह रहा - संचिका
कुछ दिन पहले इरफ़ान भाई ने यह गीत अपने चिट्ठे पर लगाया था.. तभी से यह गीत जुबान पर चढ़ा हुआ है.. तो सोचा क्यों ना आज अपने बिटवा के बारे में लिखा जाये? वैसे भी बहुत दिनों से अपने बिटवा के बारे में कुछ लिखा नहीं हूं.. आज यह कुल 4 महीना और 26 दिन का हो गया है.. भैया-भाभी से पता चलता रहता है कि आजकर कैसे बोलने लगा है.. बात-बात पर "हां-गै" जैसी आवाजें भी निकालने लगा है.. ठंढ़ का मौसम होने के कारण जैसे ही इसे टोपी पहनाओ वैसे ही यह आपको टोपी पहनाने के चक्कर में आ जायेगा.. मतलब, अब इसे घूमाने कहीं बाहर ले जाओ.. :)
बात-बात पर अपनी बात से पलटी मार जाना तो हमारे देश के नेताओं की आदत हो चुकी है, तो भला इसने पलटी मार कर क्या बुरा किया? जी हां, आजकल हमारे बिटवा जी खूब पलटी भी मारने लगे हैं.. इन्होंने पहली बार करवट बदल कर पलटी 26 दिसम्बर को अपने दादाजी के साठवें जन्मदिन पर मारा था.. जब भी इससे बात करने के लिये फोन करता हूं, यह चुप हो जाता है.. आखिर शैतानी के मामले में अपने बाप पर नहीं जायेगा तो किस पर जायेगा.. भैया कि तरह थोड़ा बड़ा होकर शैतानी करेगा फिर जाकर भैया को पता चलेगा कि उनकी शैतानी से पापा-मम्मी को कितनी परेशानी होती होगी.. ;) और साथ में छोटे पापा तो हैं ही इसे बिगाड़ने को.. :)
इस चित्र में हमारे लाट साहब "शाश्वत प्रियदर्शी" अपने दादा जी के गोद में ठाठ से बैठे हुये धूप की गरमाहट के मजे ले रहे हैं.. यह तस्वीर लगभग एक माह पहले ली गई थी, अब तो और भी बदलाव आ गये होंगे..
चलते-चलते यह गीत भी सुनते जाईये जिसे मैंने अपने पोस्ट का शीर्षक बना रखा है.. इस गीत जे दो बोल भी लिखता जा रहा हूं.. मैंने इसे इरफ़ान भाई के चिट्ठे से ही लिया है, जिसके लिये उन्हें बहुत-बहुत धन्यवाद.. अगर उन्हें कोई आपत्ति हो तो बताते जायें, मैं पॉडकास्ट को यहां से हटा दूंगा..
मैं अपने खजाने को खाली करूंगा, बेटा हो जा जवान तेरी शादी करूंगा..
इस पोस्ट को पढ़कर मेरे पापाजी क्या सोच रहे होंगे? कि मैं अपने बेटे कि शादी के बारे में सोचता हूँ और वो तैयार नहीं होता है और ये अभी से ही अपने बेटे कि शादी के बारे में सोच रहा है.. :D