Showing posts with label Cricket. Show all posts
Showing posts with label Cricket. Show all posts

Wednesday, March 30, 2011

क्रिकेट, फेसबुक और दीवाने लोग

पिछले एक-दो सालों से तुलना करने पर ब्लॉग पर लिखना आजकल बहुत कम हो गया है.. एक तरह से मेरे लिए इसका स्थान फेसबुक ने ले लिया है.. वहाँ ब्लॉग की तुलना में लोगों से वार्तालाप भी बेहद आसान है, और मेरे लिए किसी माइक्रो ब्लोगिंग से कम नहीं.. फिलहाल तो आज की इस जीत पर मेरे दोस्तों के जो कुछ अपडेट्स आये हैं उन्हें आपलोगों से बांटता हूँ.. कुछ मजेदार है, कुछ समझदार हैं और बाक़ी जीत की खुशी में बौराये हुए हैं.. :)

सबसे पहले शुरुवात करते हैं इस तस्वीर से जो सचिन फैन ग्रुप का स्क्रीनशॉट है.. इसका अपडेट खुद ही पढ़ें और यह ध्यान दें की सिर्फ 58 मिनट में इसे कितने लोगों ने लाईक(पसंद) किया है और कितने लोगों ने टिपियाया है..




अब आगे बढते हैं कुछ चुनिन्दा अपडेट्स की ओर :

Shakhon se toot jayen, wo patte nahi hai hum,
aadhiyon se keh do AUQAT mein rahein..

अफ़रीदी नें ११ बुरके मांगे हैं.....
बोल रहा है की हमको सरकारी बस में ही भिजवा दो.......

कोई मदद का हाथ आगे आए..... बेचारे को बुरका सप्लाई करो ना....

एक नस्लवादी टिप्पणी- पठार ने पठान को हरा दिया। इसे कोई भी न्यूज़ चैनल यूझ कर सकता है। फ्री में।


मेरा तो पटाखा भी फुस्स निकल गया इतना महँगा खरीदा था :(


यहाँ तो जश्न का माहौल है...दिवाली जैसा कुछ लग रहा है,अलग ही नज़ारा है....रात के साढ़े इग्यारह बजे ऐसा माहौल...मस्त है.. वैसे, आपके शहर का क्या हाल है?? :) :)

इस खुशी में कल आजतक, इंडिया टीवी, स्टार न्यूज़,आईबीएन सेवन, न्यूज़. सहारा समय, एनडीटीवी इंडिया बंद रहेगा। मित्रों ने आज काफी मेहनत की है। पूरे दिन किसी ने न्यूज़ चैनल नहीं देखा फिर भी लगे रहे। इसलिए बिना किसी से पूछे रवीश की रिपोर्ट के लेटरपैड पर इस छुट्टी का एलान करता हूं। इंग्लिश चैनल वाले अपना फैसला खुद करें
भारतीय भारत में हों या लन्दन में जीतने के बाद पगला ही जाते हैं :) यहाँ लोग कार में तिरंगा लगाकर नाच रहे हैं रोड पर


अब शनिवार को लंका दहन और सचिन के शतकों का सैकडा ...दोनों के साथ ..इस बार का विश्व कप अपना हुआ .....


Natraj phir champion !! Chak de !!!


What a Victory, What a Game. Superb


इंडियंस मुबारक हो.. पाकिस्तान मुंह बाहर रखो.


‎5 out of 5 teams India met Pak in WC, India have won...most occasions at the 50 over mark, people had backed Pakistan to win...every time India fought like tigers

Sachin is dancing like a sixteen year old boy at Mohali! #HumJeetGay


I forgive the Paki Team, I forgive the Paki fans, I forgive Ashish nehra, I forgive the umpires... I forgive them all,, I feel like Sachin Tendulkarr,,,,

yeyyyy....India ko gariyaana kaam aaya....jeet gaye...!!...fir se karna hoga final me :P
WC finals....yo baby...what a feeling!

bhaiyon koi inko wagah border chhor aao please....


The best one was :
Shiney Ahuja has been sentenced 7 years of Prison for a rape case,,,, God knows what will happen to Sehwag for what he did to Umar Gul...:P

अब एक सीरियस अपडेट भी इस खेल को लेकर जो भारत-पाकिस्तान के क्रिकेट खिलाड़ियों ने नहीं, बाजार और राजनीति के खिलाडियों ने खेला! यह भाईसाब मेरे मित्रों कि सूची में तो नहीं हैं मगर इनका यह अपडेट मुझे बहुत पसंद आया.

आज एक टी वी चैनल पर अयोध्या से भारत पाकिस्तान के मैच पर जनता का रुख जानने की न्यूज़ चल रही थी. यहाँ साधू संतो की बाईट चल रही थी, और ऊपर के तरफ यह फलैश चल रहा था, की संतो ने मुस्लिम भाइयों के साथ मैच देखा. अब हमारे समझ में यह नहीं आता की चैनल क्या कहना चाह रहा था. कहीं यह तो नहीं की कि अयोध्या के मुसलमान इस मैच में भारत के अलावा किसी और का समर्थन कर रहे हैं. यह है पत्रकारिता में दिमाग का स्तर.
और यह एक शानदार अपडेट मैच से पहले का मेरे मित्र द्वारा :

All support for India, sum encouragement for Pakistan team also:
I m the last ball at Sharjah. I invented the reverse swing. I mastered the multiple hat-trick.I am the Sultan of Swing. I am the Cornered Tiger. I am the fastest ball,the quickest hundred,the biggest six,the shattered stumps. I am the aggression,the passion,the unpredicta...

Thursday, February 25, 2010

ऐसा खुदा जिसने आवारागर्दी और यायावरी सिखाया


अब वह बात पुरानी हो चुकी है.. लोग उसे भगवान कहते कहते शायद भगवान मान भी लिए हों क्रिकेट का.. छुटपन में सपने देखते थे कि सचिन वन डे में दोहरा शतक जमाये.. बड़े होने के साथ वह दीवानगी कम होती गई.. आज जब उसने लगा ही दिया तब याद आया, कि इसी तवारिख़ का इन्तजार हमें बीस वर्षों से था..

मजे कि बात तो यह कि जब वह दोहरा शतक लगा रहा था तब एक बेजान सी बात पर हमारे टीम के सभी सदस्य बहस कर रहे थे.. वे बेचारे क्या जाने कि इस शतक का मोल क्या है? क्या पता उन्हें अपने बाकी बचे जीवन में फिर यह नजारा देखने को मिले भी या नहीं? और अगर मिले भी तो कहीं वह भारत के ही खिलाफ ना हो.. इधर बहस गर्म होती जा रही थी और उधर हमारा ध्यान सामने कमेंट्री सुन रहे कुछ लोगों पर था.. अचानक से एक थम्स-अप का इशारा आया, और हम समझ गए कि हो गया आज कारनामा..

उस समय शायद सात-आठ साल का रहा होऊंगा जब उसे टीवी पर खेलते देखा था.. एक बच्चा खुद से ७-८ साल बड़े को बच्चा कहने कि तोहमत भी लगा गया था.. अरे, एक बच्चा पाकिस्तानियों को पीट रहा है.. उस जमाने में 'साला' ही सबसे बड़ी गालियों में शुमार था.. मगर पाकिस्तानियों को साला कहने कि हिम्मत भी नहीं थी, मगर सचिन फिर भी उसे धोए जा रहा था..

उसके बाद के कुछ और किस्से याद हैं.. सन 1992 का आस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में हुआ विश्व कप.. छठी कक्षा में था तब.. जाड़े कि ठिठुरती ठंढ में स्कूल से भाग कर घर आया करते थे.. स्कूल से भागने का गुर भी इसी मुए ने सिखाया था हमें, जो कालेज के जमाने तक काम आया.. एक शुक्रिया उस यायावरी कि शुरुवात कराने के लिए भी..

अखबार और इण्डिया टुडे में उसके फोटो आने पर कटिंग काट कर अपने नोटबुक के भीतर छुपाते थे तब.. कुछ टुकड़े अब भी उस टीन कि पेटी के अंदर घुसी पड़ी होगी.. कुछ-कुछ अजायब घर सा माहौल रहता है उस पेटी का.. कुछ बचपन में पढ़ी कहानी कि किताबे.. कुछ पहले प्यार के कुछ किस्से गिफ्टों कि शक्ल लिए हुए.. कुछ कामिक्स के फ्री में मिले हुए मैग्नेटिक स्टीकर... और उन सब के बीच सचिन और माराडोना के अख़बारों से ली हुई कटिंग.. अब तो उस जमाने के कतरन कुछ-कुछ एंटीक पीस सा माहौल बनाते हैं.. ये दो खेल एक ऐसी दीवानगी लिए हुई थी कि पहले प्यार कि दीवानगी फीकी पर जाए.. शायद जैसे-जैसे उम्र बढती जाती हैं, वैसे-वैसे ही दीवानगी कि कीमत भी बढती जाती है.. जिसे अदा ना कर पाने कि एवज में उस दीवानगी से मरहूम रह जाते हैं..

मैट्रिक में खराब नंबर आने पर मैंने कहा, सचिन भी तो एक दफे फेल हो चुका है.. तो मैंने कौन सा बुरा काम कर दिया.. फिलहाल जो नंबर आया था उसकी सजा अब तक भुगत रहा हूँ.. थ्रू-आउट सिक्सटी परसेंट का होर्डिंग लगभग हर नौकरी देने वाले के दरवाजे पर टंगे दीखते हैं.. मानो एक ऐसा गुनाह किया हो जिसका मुआफीनामा भी कबूल नहीं..

फिर कुछ दिन यूँ ही गुजरे.. सचिन कप्तान बने और खुद कप्तानी छोड़ी.. उन दिनों उनके किसी इंटरव्यू में पढ़ा था और उसका खूब मजाक भी बनाया था.. सचिन ने कहा था कि उसका सपना वन डे में पन्द्रह हजार रन बनाने का है.. और तब सचिन उस खूबी से अपनी बल्लेबाजी कि जिम्मेदारियों को नहीं निभा पा रहे थे.. हम भी किसी संगदिल बेवफा सनम कि तरह सचिन का साथ छोड़ गांगुली के हिस्से टपक गए थे.. फिर 1996 आया और चला गया.. सचिन ने खूब खेला, मगर लोगों को काम्बली का रोता चेहरा और श्रीलंकाईयों का खुशी से उछालना ही याद रहा.. तब तक पटना का सफर हमने भी तय कर लिया था.. एक ऐसा युग जिसे मैं सचिन का डार्क एज कहता हूँ..

फिर सचिन ने कप्तानी खुद छोड़ी और पहुंचे बंगलादेश.. इंडिपेंडेंस कप खेलने.. १८ जनवरी का वह तारीख मुझसे भूले भी ना भूलता है.. जब पहली बार किसी टीम ने तीन सौ से अधिक आंकडो का पीछा करते हुए उसे हराया था.. अब अगर जीतने वाला भारत हो और हारने वाला पकिस्तान, और वह भी कोई रिकार्ड का सा बनाते हुए, तो भला उस तारीख को भूलने का जुर्म हम कैसे कर सकते हैं? फिर वह साल तो जैसे सचिन के ही नाम होकर रह गया.. पूरे नौ शतक.. कई खिलाडी पूरे जीवन भर नौ शतक नहीं बना पाते हैं और इस खुदा ने एक साल में वह कर दिखाया.. फिर वह शारजाह कि जमीं पर लगातार लगाये दो शतक, जिसने शेन वार्न के जीने कि दिशा ही बदल कर रख दी, उसे भला कौन भूल सकता है.. पहले लगाये शतक में पहले लगाये दो छक्कों के बार कमेंट्री बाक्स में जो हलचल और रोमांच पैदा की थी, वह रोमांच मैंने अभी तक के किसी भी टेलीविजन कमेंट्री में नहीं सुनी है..

एक किस्सा याद आ रहा है.. स्कूल में मार-पीट करने जैसे आवारा कामो कि सीख भी यही रहनुमा दे गया है मुझे.. तब कहीं से कोई खबर पढ़ी थी कि सचिन को बचपन में टेनिस खिलाडी बनने का शौक था और इसके हीरो शायद जिमी कार्नर हुआ करते थे.. फिर क्या था.. हमने तो बेफिक्री में कह दिया, सचिन सचिन है.. यह आज अगर टेनिस भी खेलता होता तो भारत के पास ३०-४० ग्रैंड स्लैम होते.. कुछ लड़के इसे मानने को तैयार नहीं थे.. अब कोई मेरे खुदा को ना माने और हम उसे काफिर ना करार दें, ऐसा भी कहीं होता है.. बस वह मुलाक़ात उसी वक्त मुक्का-लात में भी बदल गई.. सनद रहे के आवारागर्दी कि डायरी को मोटी करने में, कुछ पन्ने सचिन के नाम भी शहीद हुए है..

लिखते ही जा रहा हूँ.. अभी इसे यहीं रोकता हूँ.. अगर मिज़ाज ठीक रहे तो आगे भी लिखूंगा.. :)

Friday, June 19, 2009

कोई नॄप होए, हमें का हानी

वर्ल्ड कप 20-20 से भारत बाहर हो चुका है, और अभी आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है.. वैसे इसमें कुछ भी अजूबा नहीं है, ऐसा तो हमेशा ही होता है.. जब भी बारत हारता है तो लोग एक-दूसरे पर आरोप मढ़ने लगते हैं.. मिडिया का दोमुहा चेहरा भी दिखने लगता है.. पहले जिस चैनल पर तारीफ के पुल बांधे जा रहे होते हैं वही हारने के बाद पानी पी-पी कर कोसने लगती है.. वो कहते हैं ना, "समरथ को नहीं दोष गुसाईं.."

खैर ये सब तो हो ही रहा है और सभी इन बातों को भली भांती जानते भी हैं.. कल रात हुये पहले सेमीफाईनल में पाकिस्तान जीत गया.. आमतौर पर मैं भी किसी आम भारतीय की तरह ही पाकिस्तान के हमेशा खिलाफ ही रहता हूं, मगर कल दक्षिण अफ्रिका को हारते देखना ज्यादा अच्छा लगा.. अब आज थोड़ी ही देर में दूसरा सेमीफाईनल शुरू होने जा रहा है, देखते हैं क्या होता है?

जब भारत इस दौर से बाहर हो ही चुका है तो मैं चाहूंगा की वेस्टइंडीज ही इस कप को जीत कर जाये.. जाने क्यों भारत के बाद मुझे सबसे ज्यादा यही टीम पसंद है.. शायद मैं भी उसी भारतीय मानसिकता में हूं जहां कमजोर को जीतता हुआ देख कर मन को चैन मिलता है.. वैसे मुझसे 10-15 साल पहले की पीढ़ी से अगर आप पूछेंगे तो पायेंगे कि वेस्टइंडीज के स्पोर्टर मेरे हमउम्र दोस्तों की तुलना में कम है.. शायद इसका भी वही कारण, क्योंकि उस समय वेस्टइंडीज कमजोर टीम नहीं थी, सो उसे हारते हुये देखना उनमें से कई को आज भी पसंद आता है.. उनके मनस पटल पर वह छाप अभी तक छूटी नहीं है..

खैर, भारत इस दौर से बाहर हो ही चुका है.. अब श्रीलंका जीते चाहे वेस्टइंडीज जीते चाहे पाकिस्तान.. हमें क्या फर्क पड़ने वाला है.. हम तो बिलकुल निर्विकार भाव से मैच देखेंगे, जैसे आई.पी.एल. देखते थे.. वहां भी कोई जीते, उससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला था..

Thursday, May 15, 2008

सपनों को जीने का एक अलग अंदाज

मुझे बचपन से ही टीवी जैसी चीजों से ज्यादा मतलब कभी नहीं रहा है.. क्रिकेट देखता था, कभी-कभार दिवानों की तरह भी.. मगर जब से घर छूटा तब से क्रिकेट देखना भी छूट गया.. ना वो दिवानापन, ना कोई दिलचस्पी.. बस निर्विकार भाव से कभी समाचार पत्रों पर नजर मार लिया की क्या चल रहा है आजकल क्रिकेट की दुनिया में और वो भी बस एक खबर की तरह.. बस खुद अपनी जानकारी बढ़ाने के लिये..

अब भले ही मेरी रूची क्रिकेट में लगभग ना के बराबर हो चुकी है मगर सचिन को खेलते देखने की इच्छा अब भी होती है.. जब मैं बहुत छोटा था तब सचिन के शुरूवाती दिनों के उस मैच को देखा था जिसमें उसने पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों को बखूबी खेला था, अब भले ही भारत वो मैच हार गया हो मगर भारत को एक नया सितारा मिल चुका था.. कुछ-कुछ ऐसा आप कह सकते हैं कि अब मैं अगर क्रिकेट देखना चाहता हूं तो बस सचिन को देखता हूं.. चाहे वो मैदान में बौलिंग कर रहा हो या फिर फिल्डिंग ही क्यों ना कर रहा हो..

IPL के शुरू होने से पहले ही जयसूर्या ने कहा था की उसका सपना है कि वो तेंदुल्कर के साथ ओपेनिंग करे और जब उसका सपना पूरा हुआ तो पहली बार IPL में लोगों ने देखा कि जयसूर्या क्या चीज है.. उसने दिखा की सपनों को कैसे जीना चाहिये.. मैं कल पहली बार IPL देखने के लिये आफिस से जल्दी भागा.. फिर भी घर पहूंचते-पहूंचते 8:30 हो गये थे.. जब मैंने मैच देखना शुरू किया उस समय तक चेन्नई कि हालत बहुत ही खराब हो चुका था और हर मुंबई के खिलाड़ी एक अलग ही रंग में थे.. उनकी बॉडी लैंग्वेज उनके अंदाज को बयां कर रहा था.. लग रहा था की सचिन के मात्र मैदान पर मौजूद रहने से ही सब कुछ बदल गया हो..

चेन्नई के बाद जब मुंबई ने अपनी पारी की शुरूवात की तब दोनो ही खिलाड़ी अपने ही रंग में दिख रहे थे.. मगर जैसे लगा कि जयसूर्या अपने सपने को अपने ही ढंग से जीने के मूड में था.. सचिन ने भी उन्हें गेंदों को खेलने का भरपूर मौका देना चाहा और इसी चक्कर में अपना मौलिक खेल को भूल कर अपना विकेट गंवा बैठे.. जब वो आउट होकर जा रहे थे तब मैं भी टीवी के सामने से जाने लगा, मगर जयसूर्या का खेल देखने के मोह ने मुझे जाने नहीं दिया..

मैं भले ही कल से पहले IPL नहीं देख रहा था, मगर चाहता था की चेन्नई हर मैच जीते.. क्योंकि एक तो मैं अभी चेन्नई में हूं और दूसरा मेरे अपने प्रांत(मैं हर उस व्यक्ति को बिहारी मानता हूं जिसने बिहार में जन्म लिया है, भले ही आज झारखंड अलग हो गया हो) के हीरो धोनी भी इसी दल का एक हिस्सा हैं.. मगर कल से मैं मुंबई के साथ हूं.. क्यों ना रहूं भला? जिस तरफ से इस खेल का ख़ुदा खेल रहा हो, उसी के सज़दे में तो ये सर झुकेगा..

चित्र के लिये हिंदूस्तान टाईम्स का आभारी