"कहां हो?"
"किचेन में.."
"क्या कुछ पका रहे हो?"
"अभी तो बस जलाया हूं, देखो पकने में कितना समय लगता है?"
"...????"
"इसके पकने की कोई समय सीमा निर्धारित नहीं है.."
कुछ समझ नहीं आ रहा है सोचते हुये, "क्या जलाये हो?"
"सिगरेट.."
"और पका क्या रहे हो ये भी बता दो?"
"पकवान का नाम है लंग कैंसर.."
Monday, February 25, 2008
कमी सी क्यों है
जाने क्यों चलते-चलते राह रुकी सी क्यों लगती है,
हर राह तुम्हारी गली सी क्यों लगती है?
तुम्हारे दिये उस सूखे गुलाब की बची खुश्बू,
मेरे हिस्से की बची हुई प्रेम की क्यों लगती है?
मुझे तुम याद नहीं आती हो ऐसा मैं सोचता हूं,
पर पलकों पर हमेशा ये नमी सी क्यों लगती है?
सोता कम हूं क्योंकि सपनों से डरता हूं,
पर इन आखों में टूटे सपनों की चुभन सी क्यों लगती है?
पता है मुझे की मेरे जीने-मरने से तुम्हें फर्क नहीं परता,
मगर मुझे तुम्हारे आहट का इंतजार सा क्यों है?
मुझे पता है सारे प्रश्नों के उत्तर,
मगर मेरे हर उत्तर में कुछ कमी सी क्यों है?

Thursday, February 21, 2008
एक डरा हुआ चेहरा, जिसे देखकर लोग मुस्कुरा देते हैं
ये बिना चित्र की कथा है
कल मैंने एक चेहरा देखा.. बहुत डरा हुआ.. मगर उसे देखकर मुझे उसपर बहुत प्यार आया.. शायद किसी छोटे शहर में होता तो थोड़ा दुलार भी कर देता.. अब बड़े शहरों में रहने की कीमत तो हम सभी किस्तों में जीवन भर चुकाते ही हैं सो चलो एक कीमत और सही..
कल घर लौटते समय बस में एक बच्चे को अपने पापा के गोद में देखा जो पुरूषों के बैठने वाले जगह में बैठे हुये थे और उसकी मां महिला वाली सीट पर थी.. जब उनके उतरने का समय हुआ तब पहले वो अपने पापा के साथ उतर गया.. मगर उसकी नजर बस के भीतर से उतरते अपनी मां पर ही था.. उसे लग रहा था की वो नहीं उतर पायेगी.. और जैसे ही उसके मन में ये ख्याल आया वैसे ही उसका रोना शुरू हो गया..
उसके पापा उसे समझाये जा रहें हैं, और वो रोये जा रहा है, और सारे लोग जो भी वहां थे वो उस बच्चे की मासूमियत पर मुस्कुराये जा रहे हैं.. मां के उतरने पर भी वो बड़ी कठिनाई से चुप हुआ.. और मुझे एक बहुत ही प्यारा सा और अच्छा सा अनुभव दे गया.. :)
मैंने शुरू में लिखा है ये बिना चित्र की कथा है.. इसका कारण ये है की लोग यहां ये समझ कर ना आये की कुछ मजेदार कार्टून यहां होगा जिसे देखकर बरबस ही मुस्कान आ जाये.. :)
अपना पोस्ट हिट करें, ब्लौगवाणी की सहायता से
क्या आप चाहते हैं की आपके किसी भी पोस्ट को लोग ज्यादा से ज्यादा देखें? आप अपनी ये इच्छा ब्लौगवाणी की सहायता से आसानी से पूरा कर सकते हैं.. कैसे? चलिये मैं ही बता देता हूं.. आपको करना कुछ नहीं है बस अपने शीर्षक में ब्लौगवाणी की चर्चा कर दें.. अगर बुराई कर सकते हैं तो ज्यादा अच्छा रहेगा.. बस आपको इतना ही करना होगा और लोग दौड़े चले आयेंगे आपके पोस्ट पर.. मुझे पता है की लोग मेरे इस पोस्ट को पढने के लिये आयेंगे तो जरूर मगर गालीयां देते हुये जायेंगे.. :)
आज सुबह मेरे कंप्यूटर से ली हुई इस चित्र को एक नजर देखें..
यहां मैं किसी पर आरोप नहीं लगा रहा हूं.. ये मेरा अपना अनुभव भी है.. मैंने इससे पहले 2 पोस्ट ब्लौगवाणी के नाम से लिखे थे और उसे अन्य किसी पोस्ट से औसतन ज्यादा पाठक मिले..
एक नजर इस मजेदार चीज पर भी डालें.. ये महाशय 0 मित्रों को धन्यवाद कह रहें हैं.. चलो भाई, अगर कोई मेरे इस पोस्ट को नहीं पढता है तो भी उसे धन्यवाद दे ही देता हूं.. :)
मेरे पास आजकल समय ना होने के कारण मैं ये बकवास आज अपने ब्लौग पर किये जा रहा हूं.. अगर इसे पढकर आपके सर में दर्द हो जाये तो क्षमा चाहूंगा.. :)
Sunday, February 17, 2008
आपके शहर में साफ्टवेयर कंपनी होने के नुकसान
आजकल कौन सा शहर सबसे ज्यदा माडर्न है इसका फैसला आमतौर पर लोग इससे करते हैं की वहां कितनी साफ्टवेयर कंपनी के कार्यालय हैं.. तो चलिये मैं आपको कुछ नुकसान गिनाता हूं जो आपको भी नजर आयेगा जब आपके शहर में साफ्टवेयर कंपनी खुलेगी या फिर आपको भी नजर आता होगा अगर आप पहले से ही किसी ऐसे शहर में रहते हैं तो..
1. आपके शहर में अविवाहित युवाओं की फौज नजर आने लगेगी जिसे जो दुनिया की परवाह किये बिना अपनी दुनिया में ही मस्त रहते होंगे.. और जिसे आमतौर पर लोग सांस्कृतिक विनाश कहते हैं या फिर पाश्चात्य संस्कृति का दुस्प्रभाव..
2. आपको यकायक लगने लगेगा की आपके शहर में दोपहीये वाहनों की संख्या बहुत बढ गई है.. अब युवाओं को चार पहीये वाहनों के मुकाबले दोपहीये ज्यादा पसंद आते हैं.. और दो पहीये वाहन चारपहीये वाहनों की तुलना में सस्ते होते हैं इसलिये आसानी से इन युवाओं की पहूंच में होते हैं..
3. ट्रैफिक जैम और प्रदूशन जैसी समस्या आपको बढी हुई नजर आने लगेगी..
4. सुट्टाबाजों या कहें चेन स्मोकरों की भीड़ बहुत बढी हुई नजर आने लगेगी..
5. वाईन शाप और पब पहले से ज्यादा दिखने लगेंगे क्योंकि साप्ताहांत में अधिकांश युवा इसे लेने से परहेज नहीं करते हैं..
6. साफ्टवेयर कंपनी बनाने के लिये कई जगह आपको पेड़ कटे हुये नजर आने लगेंगे..
7. बड़े-बड़े शापिंग माल और मल्टीप्लेक्सेस आपको अपने शहर में दिखने लगेंगे..
अगर मुझसे कुछ छूट रहा हो तो आप उसे जोड़ सकते हैं.. अगले पोस्ट में आपके शहर में अगर साफ्टवेयर कंपनी हो तो उसके क्या फयदे हो सकते हैं, मैं इसे लेकर आऊंगा.. तब तक के लिये धन्यवाद.. :)
Saturday, February 16, 2008
रिश्ते की बात
जय : मौसी, लड़का इंफोटेक में काम करता है...
मौसी : हाये राम..! और कहीं ट्राई कर रहा है क्या??
जय : कहां मौसी 2 साल इंफोटेक में रहने के बाद कोई कंपनी लेती कहां है...
मौसी : हाये राम तो क्या 2 साल से इंफोटेक में ही है??
जय : हां सोचा था 2 साल में सैलेरी हाईक होगी ही. आजकल तो सैलेरी भी ज्यादा नहीं मिल रही है उसे..
मौसी : तो क्या सैलेरी भी कम मिलती है??
जय : अब अप्रैजल भी तो आसानी से कहां होटा है मौसी ..
मौसी : हाये हाये...!! ह्टो क्या अप्रैजल भी नही होता उसका??
जय : सीनियर से लड़ाई करने के बाद अप्रैसल में अच्छी रेटिंग तो नहीं मिलती है... मौसी ..
मौसी : तो क्या सीनियर से लड़ता भी है??
जय : अब 2 साल तक आनसाईट जाने को ना मिले तो हो जाटी है कभी कभी अन-बन..
मौसी : तो क्या अब तक एक बार भी आनसाईट नही गया??
जय : अब आउटडेटेड टेक्नोलोजी के डेवलपर की किस्मत में तो यही लिखा है मौसी ..
मौसी : क्या कहा लड़का आउटडेटेड टेक्नोलोजी में काम करता है..!!!
मौसी : चलो यही बता दो कौन से कालेज से पदाई की है??
जय : इसका पता लगते ही हुम आपको खबर कर देंगे!!
जय : तो मं रिश्ता पक्का समझू ना मौसी ?
मौसी : बेटा, कान खोल कर सुन ले... सगी मौसी हूं बसंती कि कोई सौतेली मां नही. भले ही हमारि बसंती काल सेंटर वाले कल्लू से शादी कर ले पर इंफोटेक के इंप्लायी से कतई नहीं करेगी..
और बात यहीं खत्म हो गई.. ये सच्ची घटना पर आधारित है.. इसे कोरी कल्पना ना समझें.. :D
Thursday, February 14, 2008
वेलेंटाईन डे पर मेरी अनोखी मित्र तनुजा का परिचय
मेरी एक मित्र हैं तनुजा.. उनका और वेलेंटाईन डे का रिश्ता तो जन्म जन्म का है.. आज के दिन जो कोई भी उन्हें बधाईयां देता है उसे वो खुले दिल से स्वीकार करती हैं.. किसी को भी कोई इंकार नहीं.. पता है क्यों? क्योंकि आज उनका जन्मदिन भी है.. :)
इनसे मेरी जान पहचान मेरी जिस मित्र के कारण हुआ था आज उनसे मेरा कोई संपर्क नहीं है पर मैं इनसे पहचान होने के बाद भी लगभग 5-6 सालों तक मिला नहीं था.. हमारी फोन पर ही बातें होती रही थी.. मैंने इन्हें कभी देखा भी नहीं था और ना ही इन्होने मुझे.. मगर हम जब भी फोन पर बातें करते थे तो कभी भी ऐसा नहीं लगा की हम कभी नहीं मिले.. लगता था जैसे हम बहुत ही अच्छे मित्र हैं..
इनसे मुलाकात
पिछले साल दिवाली की छुट्टियों में जब मैं घर जा रहा था तब इनसे मेरी मुलाकात दिल्ली में हुई थी.. अब चूंकी हम दोनों ही एक दूसरे को कभी देखे भी नहीं थे सो एक दूसरे को पहचानना बहुत ही कठिन था.. तनुजा ने मुझे कनाट प्लेस में कैफ़े काफ़ी डे के पास बोला रहने के लिये.. मुझे जो भी पहला कैफ़े काफ़ी डे दिखा, मैं बस वहीं खड़ा हो गया.. बाद में पता चला की वहां 3-3 कैफ़े काफ़ी डे है.. खैर इसी ने मुझे ढूंढा.. ये जब वहां आयी तो इनके साथ इनके मंगेतर भी थे जिनसे मिलना बहुत ही अच्छा लगा.. ये दोनों मार्च में शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं.. ये दोनों ही पेशे से डाक्टर हैं और दिल्ली के मुख्य रेलवे अस्पताल में कार्यरत हैं..
कुछ मजेदार बातें
लगभग 2-3 साल पहले की बात है.. मैं घर गया हुआ था.. मैंने अपने पापाजी के मोबाईल से इसे बस यूं ही तंग करने के लिये एक फ़्लर्टिंग वाला मैसेज भेज दिया और वो भी रात के 10 बजे के लगभग.. उस समय ये कालेज में हुआ करती थी.. वो मैसेज पढ कर ये बिलकुल हैरान परेशान की कौन है जो मुझे यूं तंग कर रहा है?
खैर इसने मेरे पापा के नंबर पर फोन किया लगभग रात के 11 बजे और बहुत ही कड़े लहजे में पूछा की आप कौन हैं और क्यों ऐसा मैसेज भेजे हैं.. मेरे पापा भी हक्के-बक्के.. मगर तुरंत समझ गये की ऐसी बदमाशी बस प्रशान्त ही कर सकता है और कोई नहीं.. फिर उन्होंने अपना परिचय दिया और कहा की रात बहुत हो चुकी है सुबह प्रशान्त से बात कर लेना.. पापा का परिचय सुनने के बाद तनुजा बहुत शर्मिंदा हुई और मुझसे बहुत दिनों तक लड़ाई की.. आज भी कभी इस बात की चर्चा होती है तो फिर से इसका लड़ना चालू हो जाता है.. :)
यही है इनकी और मेरी दोस्ती का किस्सा.. आप फिलहाल इन्हें इनके जन्मदिन की शुभकामनाऐं दिजीये और इनके जीवन के नये सफर के लिये दुवाऐं मांगिये..
तनुजा और उनके मंगेतर धीरज गांधी
Tuesday, February 12, 2008
तीन पोस्टों की एक पोस्ट
ब्लौग का नशा भी जब चढता है तो सर चढ कर बोलता है ये शत-प्रतिशत सही है.. मैं पिछले कुछ दिनों से बिलकुल भी समय नहीं निकाल पा रहा हूं किसी भी चीज के लिये.. चिट्ठों की तो बात ही छोड़ दिजीये.. पर ब्लौग का नशा जब चढ ही चुका है तो अब क्या किया जा सकता है? लिखना तो परेगा ही, सो लिख रहा हूं.. :)
कुछ बातें जो छूट गई हैं उसे एक साथ संक्षेप में ही लिख देता हूं तभी तो एक साथ 3-3 पोस्ट बन रही है..
भैया की शादी
कल यानी 11 फरवरी को मेरे भैया की शादी थी.. कहने को तो वो मेरे चचेरे भैया हैं पर मैं उनके नाम के आगे चचेरा लगाना उचित नहीं समझता हूं.. क्योंकि बचपन में वो हमलोगों के साथ ही रहते थे और मैं 7-8 साल तक समझता रहा की वो मेरे अपने भाई हैं, जब तक की मुझे बताया नहीं गया था.. भैया को हम लोग प्यार से बाउ भैया कहते हैं पर उनका नाम प्रभाष रंजन है.. अभी मुंबई में भारतीय जल सेवा में कार्यरत हैं..
कल उनकी शादी थी पर समय, छुट्टी और अर्थ, तीनों का कुछ ऐसा संगम बना की मैं नहीं जा सका.. शायद इसका अफसोस हमेशा ही रहेगा.. अभी तो फिलहाल आप लोग उनके विवाहित जीवन के लिये दुवाऐं देते जाईये..
मेरे पापा दूरदर्शन पर
कुछ दिन पहले मेरे पापाजी का एक प्रजेंटेशन दूरदर्शन पर आया था जिसका विषय था स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार योजना.. मुझे वो देखने का मन तो बहुत था पर क्या करूं मेरे पास टेलीविशन नहीं है.. सही कहूं तो उसकी जरूरत तो महसूस होती है पर मुझे उससे थोड़ी चिढ भी है.. यही एक बहुत बड़ी वजह है मेरे पास उसका नहीं होना..
मेरे पापाजी ज्वाईंट सेक्रेटरी के पद पर ग्रामीण विकास विभाग, बिहार में कार्यरत हैं, और वो योजना भी इसी विभाग के अंदर में आता है..
अब मैं तो उसे नहीं देख पाया हूं, देखिये कब घर जाता हूं और मेरे हाथ वो विडीयो लगता है और मैं उसे देखता हूं.. फिलहाल के लिये इसे यहीं खत्म करता हूं.. :)
मेरी ट्रेनिंग
जैसा की मेरे पिछले पोस्ट में मैंने लिखा था की मुझे नया प्रोजेक्ट मिला है.. सो यह भी तय है की उस पर काम करने की ट्रेनिंग भी मिलनी चाहिये.. सो मैं आजकल ट्रेनिंग के मजे उठा रहा हूं..
टामिंग??
अब ये तो मत ही पूछिये.. सुबह 7-7:30 तक घर से निकलता हूं और रात में जब घर पहूंचता हूं तो हालत इतनी खराब रहती है की बस बिस्तर ही दिखाई देता है.. मेरी एक मित्र मेरे घर के पास वाले ही एक हास्पिटल में वायरल फीवर के कारण एडमिट थी, पर मैं कल उसे देखने नहीं गया.. कुछ ज्यादा ही थका महसूस कर रहा था.. जाने का मन तो बहुत था, पर हिम्मत बाकी नहीं बची थी.. मुझे तो भई बहुत डर लग रहा है कि वो बुरा ना मान जाये और सबसे बड़ी परेशानी ये है की उसे बुरा लगने पर भी वो कुछ नहीं बोलेगी.. नहीं-नहीं ऐसी बात नहीं है की हमारी दोस्ती औपचारिक है.. बात ये है की उसे अगर कुछ अच्छा लगता है फिर भी वो कुछ नहीं बोलती है.. क्या करें, उसका तो स्वभाव ही यही है.. वैसे एक मजेदार बात बताता चलूं.. उसका नाम प्रियदर्शीनी है और मेरा अंतिम नाम प्रियदर्शी है.. सो कालेज के दिनों में हम दोनों का ही नाम छोटा करके पीडी रख दिया गया.. और जब हमारे बीच अच्छी दोस्ती हो गई और हमदोनों साथ दिखने लग गये तो कोई पीछे से पीडी पुकारता था और हम दोनों ही मुड़कर देखते थे की किसे बुलाया जा रहा है.. :D
हां तो ट्रेनिंग मुझे मिल रही है ProvideX नाम के पैकेज की.. पता नहीं लोग ऐसे पैकेज क्यों प्रयोग में लाते हैं.. खैर मुझे तो अच्छा लग रहा है क्योंकि ट्रेनिंग देने वाले कोई और नहीं इस पैकेज को बानाने वाली टीम के मुख्य आर्किटेक्चर ही हमें ट्रेनिंग दे रहे हैं.. वो कनाडा से आये हैं और चेन्नई की गर्मी उन्हें बहुत भा रही है.. उनका नाम फ्रेड है..
अब आखिरी बात डा.प्रवीण चोपड़ा जी के लिये.. डा.साहब यदि आप ये पढ रहें हैं तो अपना ई-पता मुझे दिजीये.. मैं आपको उन सारे प्रश्नों का उत्तर देता हूं.. मेरा इ-पता है - prashant7aug@gmail.com..
Sunday, February 10, 2008
आज से मेरी छोटी सी दुनिया बंद
अभी मुझे एक नया प्रोजेक्ट मिला है और उस पर मैं अगले दो-तीन हफ्ते के लिये इतना अधिक व्यस्त रहूंगा की शायद मुझे समय ना मिले अपनी छोटी सी दुनिया को सवारने के लिये.. ऐसा तो अक्सर होता ही रहता है की आपको अपनी दुनिया को संवारने के लिये कभी कभी कुछ दुसरे कामों में भी उलझना होता है.. ये भी कुछ ऐसा ही है..
आप लोगों को एक अच्छी और मजेदार खबर भी सुनानी है.. मेरे प्रोजेक्ट मैनेजर मेरे ठीक पीछे बैठते थे और दिन भर मुझे ब्लौगिंग करते देखते रहते थे.. मुझे उन्होंने कभी इसके लिये रोका या टोका नहीं.. मगर मुझे हमेशा लगता था की मेरा इमेज उनके सामने अच्छा नहीं होगा.. वो जरूर सोचते होंगे की इस लड़के को और कुछ भी नहीं आता है ब्लौगिंग के अलावा.. मगर मुझे मेरे नये प्रोजेक्ट में डालने से पहले उन्होंने जो रिपोर्ट दी वो मेरे लिये आश्चर्यजनक था.. उन्होंने मेरा फ़ीडबैक बहुत ही अच्छ दिया.. और मुझे ऐसे टीम में डालने का फैसला किया जिसमें 2-3 साल के अनुभव वालों की जरूरत थी मगर मेरे पास अभी बस 7-8 महीने का ही अनुभव है..
मुझे जैसे ही समय मिलेगा वैसे ही मैं अपने नये विचारों के साथ आपके पास आऊंगा.. तब तक के लिये अलविदा.. :)
Saturday, February 09, 2008
पुरानी जींस और गिटार
पुरानी जींस और गिटार सूचक है कालेज के बीते हुये दिनों का और आज फिर से मुझे ना जाने क्यों कालेज के दिन याद आ रहे हैं। आज मैं आपको अपने कक्षा की एक घटना बताने जा रहा हूं जिसके पात्र हैं नीता, शिवेन्द्र और मैं।
नीता पढने लिखने को लेकर बहुत जागरूक रहती थी और अभी तक उस पर हमारी संगती का पूरा असर नहीं हुआ है और ये कमी उसमें कुछ कुछ अभी तक है। शिवेन्द्र में भी थोड़ी बहुत ये कमी थी जो समय के साथ दूर होता चला गया, मगर वो बस उसी विषय को पढता था जिसमें उसे रूचि होती थी बाकियों को तो परीक्षा के समय भी नहीं छूना चाहता था। और जहां तक मेरी बात है तो मैं शुरू से ही बिंदास किस्म का प्राणी रहा हूं और कक्षा में पढने का कीड़ा मुझे कभी भी नहीं काटा। :)
अब उस दिन किस विषय की कक्षा चल रही थी ये तो मुझे याद नहीं है पर मैं, नीता और शिव एक साथ बैठे हुये थे। सबसे बायें मैं बैठा हुआ था, फिर नीता बैठी हुई थी और उसके बगल में शिव। हमेशा की तरह मैं कापी कलम सभी कुछ बंद करके बस कुछ खुराफात सोच रहा था, मेरे बगल में नीत पूरी तन्मयता से पढाई में लगी हुई थी और कुछ कुछ अपने नोटबुक में नोट करती जा रही थी, उसके बगल में शिव भी गलती से कुछ लिख ले रहा था।
थोड़ी देर बाद शिव बोर हो गया फिर मैं और शिव कट्टम-कुट्टा(टिक-टैक-टो) वाला खेल खेलने लगे। नीता हम दोनों के बीच में बैठी हुई थी सो अब उसे धीरे धिरे पढाई करने में परेशानी होने लगी। अब उसका ध्यान कभी पढाई पर जाता और कभी इधर खेल में कौन जीत रहा है उस पर। लगभग 10 मिनट के बाद तो उससे रहा नहीं गया उसने भी अपनी कापी बंद कर ली और खेल के मैदान में उतर आई। उस दिन मुझे पूरा भरोसा हो गया अच्छाई हमेशा बुराई पर विजय प्राप्त करती है। ;) क्योंकि मैंने पहले शिव को और फिर नीता को पढाई जैसे बुराई के दलदल से बाहर निकाल लिया था। :D
मैं और नीता
खैर चलते चलते मैं नीता का भी परिचय देता चलूं। अव्वल दर्जे की बकबकिया, मीठा खाने की शौकीन, किसी से भी और किसी भी समय पार्टी मांगने के लिये बदनाम(ये बात और है की कोई उसे पार्टी देता नहीं था :)), कंजूसी में सबसे आगे(चमड़ी जाये पर दमड़ी ना जाये पर अमल करने वाली), पढाई को लेकर हमेशा उतावली और कितनी अच्छाईयां बता ऊं? चलिये कुछ बुराईयां भी गिना ही देता हूं। हमारे क्लास की सबसे ज्यादा चर्चे में रहने वाली लड़की होते हुये भी मैं कभी उसे टेंसन में नहीं देखा, हर किसी से खुले दिल से बात करने वाली, उसकी बक-बक में हमेशा एक अल्हड़पना सा झलकना। अगर एक वाक्य में मुझसे पूछें तो मेरे लिये एक बहुत प्यारी सी और अच्छी मित्र। :)
मेरे पूरे छात्र जीवन में मुझे दो बार निकनेम दिया गया है, एक तो PD जिसे मैं आज भी इस्तेमाल में ला रहा हूं जो की प्रियदर्शी से निकला हुआ है। और दुसरा DON जो नीता ने ही दिया था, अब आप सोच रहे होंगे की DON क्यों? तो आप मेरे इस गेट अप को देख लिजीये। :)